संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। गांव चोरमार खेड़ा में बाहरी फिरनी का निर्माण कार्य अधर में रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक माह पहले फिरनी को ऊंचा उठाकर दोबारा बनाने के लिए उखाड़ दिया गया था लेकिन अब तक काम पूरा नहीं होने से रास्ता बदहाल हो गया है।
बरसात के कारण पूरी फिरनी पर पानी और कीचड़ जमा हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर पंचायत और आमजन की ओर से कई बार पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग को अवगत करवाया जा चुका है लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे विभाग के खिलाफ धरना देने को मजबूर होंगे।
ग्रामीण हरनेक सिंह, इकबाल सिंह नंबरदार, नक्षत्र सिंह, जीत सिंह और धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि चोरमार खेड़ा में सीनियर सेकेंडरी स्कूल से लेकर धर्मेंद्र सिंह के घर तक तथा जीत सिंह की दुकान से जगमालवाली रोड तक बनी फिरनी पर पहले सीमेंटेड ब्लॉक लगे हुए थे। विभाग की ओर से सड़क को ऊंचा उठाकर नए सिरे से बनाने के लिए करीब एक माह पहले इसे उखाड़ दिया गया था लेकिन इसके बाद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के बाद हालात और खराब हो गए हैं। फिरनी पर जगह-जगह पानी भर गया है और कीचड़ के कारण लोगों को घरों तक पहुंचने में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि पहले रास्ता खराब होने के बावजूद किसी तरह पैदल और वाहन निकल जाते थे लेकिन अब स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानी : ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल के गेट के सामने उखाड़ी गई सड़क पर पानी जमा होने से विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। कई बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिर चुके हैं। वहीं, प्राथमिक विद्यालय के छोटे बच्चों को अभिभावकों को स्वयं छोड़ने और लेने के लिए आना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग के प्रति रोष जताते हुए कहा कि एक माह से लोग परेशानी झेल रहे हैं लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।