फोटो - 25 से 27
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डबवाली रोड क्षेत्र में खुले बरसाती नाले से परेशान लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग उठाई है। नाले के कुछ हिस्से को छोड़कर बाकी में कोई स्लैब नहीं डाला गया है। इस कारण गंदगी से आमजन परेशान हैं। उन्होंने मांग की है कि इस नाले में स्लैब डाला जाए या पाइपलाइन डाली जाए। इस एरिया में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
डबवाली रोड के निवासी कुलदीप शर्मा ने बताया कि नाले पर स्लैब डाला जाए या फिर पाइपलाइन बिछाकर इसे ढका जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके। वे पिछले करीब एक वर्ष से लगातार अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा उठा रहे हैं लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, समस्या समाधान शिविरों में भी शिकायत दी गई और सीएम विंडो पर मामला दर्ज करवाया गया लेकिन उसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। हर बार केवल आश्वासन मिलता है कि समाधान करवाया जाएगा लेकिन जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हो पाया।
गंदगी के कारण हालात हो जाते हैं खराब
लोगों ने बताया कि खुले नाले में हर समय गंदगी जमा रहती है जिससे आसपास बदबू फैलती है। इसके कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। बेसहारा पशुओं से लेकर कुत्तों का गंदगी के कारण जमावड़ा लगा रहा है। आसपास के लोग भी यहां पर गंदगी डाल देते हैं। बारिश के समय में प्रशासन को इसकी याद आती है। उसके अलावा आसपास के लोग परेशानी झेलते हैं। हमारी प्रशासन से मांग है कि बरसाती नाले पर स्लैब लगाया जाए। दुकानदारों की मानें तो नियमित सफाई नहीं होने के कारण नाले से ग्राहकों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। क्षेत्र की छवि भी खराब हो रही है।
बारिश के समय में ही होती है सफाई
लोगों का कहना है कि हर साल बारिश का मौसम आने पर ही संबंधित विभाग को नालों की याद आती है। बारिश शुरू होने के बाद सफाई और मरम्मत के नाम पर औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं जबकि स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जाता। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खुले नाले को ढकने की व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका भी खत्म हो।
कोट्स
इस संबंध में उच्चाधिकारियों से बातचीत कर समाधान निकाला जाएगा। नाले की मानसून के समय में सफाई करवाई जाती है। स्लैब लगाने को लेकर मौका निरीक्षण कर आगामी रिपोर्ट बनाई जाएगी।
-राहुल कुमार, जेई,नगर परिषद