डबवाली। खरीफ सीजन में किसानों को फसल खरीद के दौरान परेशानी न हो इसके लिए मार्केट कमेटी डबवाली ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चेयरमैन सतीश जग्गा की अध्यक्षता में बैठक हुई। संचालन सचिव ऋषि राज यादव ने किया। बैठक में खरीद व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। जिम्मेदारियां तय की गईं।
सतीश जग्गा ने कहा कि समय पर फसल खरीद सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों और कर्मचारियों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक खरीद केंद्र और सब-यार्ड पर मार्केट कमेटी के दो-दो सदस्य निगरानी करेंगे।
प्रिंसिपल यार्ड के लिए चार सदस्यों को जिम्मेदारी दी गई है। खरीद अवधि में कमेटी स्टाफ मुस्तैद रहेगा। जरूरत के अनुसार अस्थायी स्टाफ भी लगाया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त जगह की जरूरत वाले केंद्रों पर भी चर्चा हुई। इन केंद्रों पर जांच के बाद प्रशासन से अनुमति लेने का निर्णय लिया गया।
तीन लाभार्थियों को दिए सहायता राशि के चेक
सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत तीन लाभार्थियों को दो लाख रुपये के चेक दिए गए। रविदास नगर, मंडी डबवाली निवासी जिन्ना देवी पत्नी मक्खन लाल को 1.25 लाख रुपये, गांव कालूआना निवासी सुमित्रा देवी पत्नी ओमप्रकाश को 37,500 रुपये और गांव गंगा निवासी ओमप्रकाश पुत्र मनीराम को 37,500 रुपये मिले।
देवकुमार शर्मा और सतीश जग्गा ने कहा कि पात्र परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सामाजिक जिम्मेदारी है। बैठक के बाद सदस्यों और अधिकारियों ने अटल कैंटीन का दौरा किया और भोजन किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता पर संतोष जताया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी उपाध्यक्ष अमीलाल पारीक, एसडीओ लखबीर सिंह, महावीर डूडी, मैनपाल वर्मा, जतिंदर सिंह, पुष्पिंदर, अजैब सिंह भाटी, कमलकांत दुरेजा, संदीप चावला, जगसीर शेरगिल आदि मौजूद रहे।