गांव आसाखेड़ा से लापता हुए पोस्टमैन तथा पड़ोसी युवती का शव राजस्थान में मसीतां हेड से बरामद हुआ है। पुलिस पोस्टमैन की गर्भवती बीवी, दो बेटियों के शव भी नहर में तलाश कर रही है। राजस्थान नहर से मिले शवों को पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के सरकारी अस्पताल में रखा गया है। परिजन तथा पुलिस एक हफ्ते से शवों को नहर में तलाश रहे थे। 13 फरवरी को डबवाली डाकघर में पोस्टमैन के पद पर तैनात हनुमान गर्भवती पत्नी बाला देवी का उपचार करवाने का बहाना करके पड़ोसी युवती प्रियंका को बाइक पर अपने साथ ले गया था। गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित गांव भारूखेड़ा के आदर्श विद्या निकेतन मिडिल स्कूल से अपनी दो बेटियों शिक्षा उर्फ महक (5) तथा पलक (4) को भी छुट्टी दिलाकर अपने साथ लिया था। उनके बैग वहीं स्कूल में छोड़ दिए थे। देर शाम तक जब प्रियंका घर नहीं लौटी तो उसके पिता बृजलाल ने हनुमान को कॉल की थी। काफी देर तक घंटी बजती रही। किसी ने फोन नहीं उठाया। देर शाम को एक युवक ने फोन उठाया था। मोबाइल जंडवाला बिश्नोइयां-कालूआना मार्ग पर राजस्थान कैनाल की पटरी पर मिलना बताया। कुछ ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मोबाइल के साथ हनुमान का बाइक तथा कपड़े भी बरामद हुए थे। संदेह जताया जा रहा था कि उपरोक्त ने नहर में कूदकर अपनी जान दे दी है। पुलिस तथा परिजन मिलकर पिछले एक हफ्ते से नजर में शवों को तलाश रहे थे। शुक्रवार को दोपहर बाद राजस्थान में मसीतां हेड पर पोस्टमैन हनुमान का शव दिखाई दिया। शव को बाहर निकाला गया। सूचना पाकर डीएसपी सत्यपाल यादव, सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार मौका पर पहुंचे। पुलिस शव को लेकर डबवाली के सरकारी अस्पताल में बने शवगृह में पहुंची ही थी कि पड़ोसी युवती प्रियंका का शव भी नहर में दिखाई दिया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने गोताखोरों की मदद से युवती को बाहर निकाला। दूसरे शव को भी पोस्टमार्टम के लिए डबवाली के सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। पोस्टमैन की बीवी तथा दो बेटियों के शवों को नहर में तलाशा जा रहा है।
मूल रूप से फतेहाबाद के गांव सिरडाना निवासी हनुमान पिछले करीब आठ सालों से गांव आसाखेड़ा के पटवार भवन में रह रहा था। उसकी पहली ज्वाइनिंग गांव चौटाला में थी। उस समय वह कुंवारा था। कुछ समय पश्चात वह बीपीएम के तौर पर गांव आसाखेड़ा में तैनात हो गया। शादी के बाद वह अपनी पत्नी को भी गांव आसाखेड़ा में ले आया। दिसंबर 2015 में उसकी प्रमोशन पोस्टमैन के तौर पर डबवाली डाकघर में हुई थी।
पुलिस की कार्रवाई बदलीपुलिस अभी तक यही मान रही थी कि पोस्टमैन अभी जिंदा है। उसके घर की तलाशी लेने के बाद बरामद हुए मोबाइल फोन को साइबर पर लगाया हुआ था। ताकि कोई विशेष जानकारी मिल जाए। एकाएक राजस्थान कैनाल से मिली पोस्टमैन तथा लड़की की डेडबाडी ने चौंका दिया है। वहीं सवाल भी खड़ा कर दिया है कि अगर पोस्टमैन परेशानी में होगा, तो खुद या फिर अपने परिवार सहित जान देगा, पड़ोसी युवती के साथ क्यों?
पोस्टमैन हनुमान तथा पड़ोसी युवती प्रियंका के शव मिले हैं। एक महिला तथा दो बच्चे भी नहर में होने का संदेह है। उन्हें तलाशा जा रहा है।-सत्यपाल, डीएसपी, डबवाली