संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। 25 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामदगी के मामले में सात दिन की रिमांड पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपी अभिषेक और प्रदीप को शनिवार को अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए इंटरपोल की मदद लेने जा रही है, ताकि इस नेटवर्क को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।
हेरोइन के नेटवर्क को खंगालने में सिरसा पुलिस की पांच टीमें जुटी हैं। सभी अलग-अलग एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस ने रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक अवैध पिस्तौल भी बरामद किया है, जिसे आरोपी सप्लाई या अन्य कार्य के दौरान अपने साथ रखते थे। इस मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सिरसा पुलिस की टीम बठिंडा गई हुई है।
बता दें कि सीआईए ऐलनाबाद की टीम ने 21 मार्च को चतरगढ़ पट्टी क्षेत्र से कार सवार अभिषेक और बठिंडा जिले के नरुआना निवासी प्रदीप को 4 किलो 256 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया था। दोनो आरोपियों से बरामद की गई हेरोइन के पॉर्सल के साथ पाकिस्तान करंसी का 10 रुपये का आधा नोट लगा हुआ था। बरामद हेरोइन का बाजार में मूल्य 25 करोड़ रुपये आंकी गई। जांच के दौरान यह मामला अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी से जुड़ गया है। इस मामले में सरगना पंजाब का रहने वाला है। वह कुछ समय पहले दुबई में था, लेकिन अब मलयेशिया चला गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि सरगना का संबंध पाकिस्तान के रहीम यार खान निवासी मोहम्मद फियाज से है। मोहम्मद फियाज ही उसे पाकिस्तान सीमा से पंजाब में हेरोइन भेजता है।
कोटस
मामले की गंभीर से जांच की जा रही है। विभिन्न टीमें इस मामले में लगी गई है। हेरोइन के साथ पकड़े गए दोनों आरोपी को अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है। जल्द ही इनके दूसरे साथियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। - जगदीश चंद्र, सीआईए इंचार्ज, ऐलनाबाद