युद्ध नशे के विरुद्ध
थाना प्रभारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ें
फोटो-11
संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। ऐलनाबाद थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर प्रगट सिंह ने रविवार को थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर स्थित खेल स्टेडियम में पहुंचकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है।
थाना प्रभारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों को अपनाएं और अपने गांव, माता-पिता तथा समाज का नाम रोशन करें।उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की सोच और व्यवहार को नकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। इससे वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में असमर्थ हो जाता है।
थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने कहा कि नशे के सेवन से अनेक गंभीर बीमारियां जन्म लेती हैं और व्यक्ति का भविष्य अंधकारमय हो सकता है। इसके अलावा नशे के कारण परिवारों को मानसिक, सामाजिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही समाज में अपराध और असुरक्षा की भावना भी बढ़ती है।
थाना प्रभारी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे भाईचारा बनाए रखें और खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों तथा आमजन को मिलकर संयुक्त प्रयास करने होंगे।
थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने आगे बताया कि नशे के आदी लोगों के उपचार और पुनर्वास की व्यवस्था करना भी उतना ही आवश्यक है ताकि वे मुख्यधारा में लौट सकें। अंत में उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी नशा बेचने या तस्करी करने वालों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।