सिरसा। सेक्टर-20 में कारोबारी एवं ओएचएम सिनेमा संचालक पंकज खेमका के बंगले में लूट के मामले में पुलिस की दो टीमें मंगलवार को नेपाल पहुंच गईं। एक टीम पुरानी नौकरानी मोनिका और दूसरी नेपाल के झापा क्षेत्र में वारदात को अंजाम देने वाली नेपाल निवासी नौकरानी बीनू व उसके साथियों की तलाश कर रही है। बीनू की तस्वीरें भेजकर सात राज्यों के रेलवे स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को अलर्ट किया है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि पुलिस की टीमें मेरठ, चंडीगढ़, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आरोपियों की तलाश कर रही हैं। नेपाल सीमा से सटे जिलों की पुलिस से भी सहयोग मांगा है। पंकज खेमका अपनी पत्नी नीतू और 15 वर्षीय बेटे के साथ सेक्टर-20 में रहते हैं। करीब 20 दिन पहले उन्होंने बीनू को नौकरानी रखा था। उसे बंगले में पहले काम करने वाली मोनिका ने ही खेमका से मिलवाया था। रविवार रात बीनू ने नीतू, उसके बेटे व पालतू कुत्ते को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। नीतू के हाथ बांधकर मुंह पर टेप लगा दी। इसके बाद अपने दो साथियों को बुलाकर करीब 800 ग्राम सोने के जेवर और तीन लाख रुपये लूट ले गए।