मौके पर टावर पर चढ़े व्यक्ति को देखने आए लोग
- फोटो : amarujala
पंजाब पुलिस की ज्यादती से परेशान होकर वहां का एक व्यक्ति हरियाणा में आकर गांव मौजूखेड़ा में मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। 150 फुट ऊंचे टॉवर पर आदमी को चढ़ा देखकर ग्रामीण हैरान रह गए, उन्होंने उसे आवाज देकर नीचे उतरने को कहा लेकिन उसने नीचे आने से मना कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर डिंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची पर उक्त शख्स किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस अधिकारी लगातार उससे नीचे उतरने की गुहार लगा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक वह टॉवर पर चढ़ा हुआ था।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-9 पर स्थित मौजूखेड़ा गांव में स्थित मोबाइल टॉवर पर शनिवार शाम करीब पंाच बजे एक व्यक्ति चढ़ गया। राहगीरों ने टॉवर पर एक व्यक्ति को चढ़ा देखा तो वे उसे नीचे उतरने के लिए कहने लगे लेकिन उक्त शख्स ने कोई जवाब नहीं दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना डिंग थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एएसआई धर्मपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इशारों में व्यक्ति को टॉवर से नीचे उतरने का अनुरोध किया लेकिन वह नहीं माना। काफी देर बाद उक्त व्यक्ति ने एक कागज नीचे फेंका। कागज में मोबाइल नंबर लिखा हुआ था।
पुलिस ने इस नंबर पर कॉल की तो यह नंबर टॉवर पर चढ़े व्यक्ति का निकला। उसने पुलिस को बताया कि उसका नाम मलकीत सिंह है और वह पंजाब के जलालाबाद का निवासी है। मलकीत का कहना है कि पंजाब पुलिस ने उसे बेवजह परेशान कर रही है। इसके बाद मलकीत ने मोबाइल बंद कर दिया। दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उन्होंनेे उसे उतारने का प्रयास किया लेकिन दमकल कर्मी इसमें सफल नहीं हुए। मलकीत सिंह टॉवर के ऊपर बैठा हुआ है और किसी से बात करने को तैयार नहीं। डिंग थाना प्रभारी अवतार सिंह का कहना है कि वे मलकीत सिंह को नीचे उतारने का हर प्रयास कर रहे हैं।