सिरसा में बाजारों में गश्त करते हुए पुलिस टीम। स्रोत : पुलिस
सिरसा। पुलिस अधीक्षक सिरसा डॉ. मयंक गुप्ता के दिशा-निर्देश पर जिलेभर के सभी थाना प्रबंधकों व पुलिस अधिकारियों द्वारा शहर में पैदल गश्त की गई। इस गश्त के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। लोगों को सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
त्योहारों के सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता ने विशेष रूप से सभी थाना प्रबंधकों को निर्देश दिए थे कि वे स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस कर्मियों के साथ पैदल गश्त करें ताकि आमजन में सुरक्षा का माहौल बना रहे और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके।
थाना सिविल लाइन, थाना शहर, थाना डिंग, थाना ऐलनाबाद, थाना रानियां, थाना बढ़ागुढ़ा व थाना रोड़ी सहित सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों ने मुख्य बाजारों, बस अड्डों, धार्मिक स्थलों व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की। गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और राहगीरों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें दीपावली पर पटाखों के सुरक्षित प्रयोग, ट्रैफिक नियमों की पालना, भीड़ में सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।