डबवाली। युवाओं को नशे की लत से बचाने और उन्हें सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से डबवाली पुलिस की विभिन्न टीमों की ओर से क्षेत्र के खेल मैदानों, स्टेडियमों व ग्रामीण खेल परिसरों में पहुंचकर युवाओं से सीधे संवाद किया जा रहा है। वहीं उन्हें नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ।
इस पहल के तहत एसपीओ संजय कुमार ने गांव गंगा, एसपीओ हरगोबिंद ने गांव घुकांवाली, एसपीओ रणजीत सिंह ने गांव शेरगढ़, एसपीओ राजेंद्र ने गांव केवल, एसपीओ राजेश कुमार ने गांव फूल्लों व एसपीओ सतबीर सिंह ने गांव कालांवाली में वॉलीबाल, क्रिकेट, कबड्डी व फुटबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताएं करवाईं।
पुलिस टीमों ने युवाओं को बताया कि नशा न केवल शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उनके भविष्य और परिवार को भी अंधकार की ओर ले जाता है। इसके विपरीत खेल न केवल अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ और सफल जीवन की ओर अग्रसर करते हैं।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों ने खिलाड़ियों के साथ संवाद कर उन्हें नशे से होने वाले दुष्परिणामों, खेलों के लाभ के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही नशा पीड़ित युवाओं को उपचार, काउंसलिंग व पुनर्वास से जोड़ने के लिए पुलिस की ओर से उपलब्ध सहायता के बारे में भी अवगत कराया गया।
डबवाली पुलिस ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने समय और ऊर्जा को खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं और नशे से दूरी बनाकर स्वयं के साथ-साथ समाज को भी सुरक्षित रखें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।