स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेज की जांच की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। थाना शहर डबवाली पुलिस ने सोमवार को शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक दस्तावेज की जांच की गई। साथ ही मेडिकल संचालकों को नशे की एवं प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य नशे की दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाना, दवा विक्रेताओं को कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करना था।
थाना शहर प्रभारी अवतार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मेडिकल संचालकों को निर्देश दिए गए कि बिना पंजीकृत चिकित्सक के वैध पर्चे के किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या नशीली दवा की बिक्री न करें।
इसके साथ ही सभी दवाओं का रिकॉर्ड नियमानुसार सुरक्षित रखें। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि किसी मेडिकल स्टोर पर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी लगाने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालकों को प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए भी कहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ किसी भी घटना के त्वरित और निष्पक्ष खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।