एटीएम उखाड़कर ले जाने की घटना से सकते में आए पुलिस प्रशासन ने लुटेरों को पकड़वाने के लिए एक लाख रुपये के इनाम का दाव खेल दिया है। पुलिस अधीक्षक मितेश जैन ने लुटेरों को पकड़वाने वाले शख्स का नाम भी गुप्त रखने का ऐलान किया है। रविवार को सिटी थाना प्रभारी मौजी राम ने बताया कि घटना के संबंध में कोई भी व्यक्ति नि:संकोच एसपी के मोबाइल नंबर 88140-11600 और उनके मोबाइल नंबर 88140-11607 पर जानकारी दे सकता है।
पुलिस प्रशासन द्वारा बार-बार बैंक प्रबंधकों को एटीएम में सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाने के निर्देश का पालन नहीं होने के कारण शहर थाना प्रभारी मौजीराम ने सख्त रवैया अपनाया है। थाना प्रभारी का कहना है कि शहर के अंदर बिना सुरक्षा गार्ड के एटीएम का शटर डाउन कर दिया जाएगा। बिना गार्ड के एटीएम लुटेरों के लिए आसान निशाना होते हैं। बैंक प्रबंधकों की लापरवाही का खामियाजा पुलिस को भुगतना पड़ता है। अब बिना गार्ड का जो एटीएम दिखाई देगा, पुलिस उसका शटर बंद कर देगी।
लुटेरों की तलाश में जुटी कई टीमें
थाना प्रभारी मौजीराम ने बताया कि एटीएम उखाड़कर ले गए लुटेरों का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमें जुटी हुई हैं। सिरसा पुलिस के साथ फतेहाबाद और हिसार पुलिस सहयोग कर रही है। कुछ टीमें पंजाब में डटी हैं तो कुछ प्रदेश के ही कुछ इलाकों में दबिश दे रही हैं। एसएचओ ने बताया कि प्रदेश में एटीएम उखाड़कर ले जाने वाली चार से अधिक वारदात हो चुकी हैं और सभी वारदात को एक ही गिरोह ने अंजाम दिया है। वारदात को अंजाम देनेे का तरीका एक जैसा ही देखने को मिल रहा है।
पूर्व में पकडे़ गए लुटेरों से होगी पूछताछ
गुत्थी को सुलझाने में जुटी पुलिस की टीमें संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है ताकि उनके माध्यम से कोई सुराग मिल जाए। इसके अलावा एटीएम तोड़ने के प्रयास में पकड़े गए अपराधियाें से जेल में जाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अपराधियों से पूछ रही है कि उनके संपर्क में ऐसे कितने लोग हैं, जो एटीएम से रुपये निकालने जैसी वारदात में शामिल रहे हैं। अपराधियों द्वारा जिस भी शख्स का नाम लिया जा रहा है, पुलिस उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्त मेें ले रही है।
रात को तेज होगी गश्त
थाना प्रभारी ने बताया कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर लगे सवालिया निशान मद्देनजर पुलिस ने रात्रि गश्त में बढ़ा दी है और साथ ही रात्रि 12 बजे के बाद इधर-उधर घूमते हुए पाए गए हर शख्स से पुलिस कर्मचारी सख्ती से पूछताछ करेंगे। संदिग्धों को हिरासत में ले लिया जाएगा और शहर से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी रहेगी। शहर थाना प्रभारी मौजी राम ने बताया कि शहर के बाहर जाने वाले हर वाहन की जांच की जाएगी।
चौकी प्रभारियों की होगी जवाबदेही
शहर में अब जिस क्षेत्र में कोई वारदात हुई तो उसकी जवाब देही उक्त क्षेत्र के चौकी प्रभारी की होगी। सिटी एसएचओ ने चौकी प्रभारियाें को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि वे अपने क्षेत्र के संदिग्धों पर पैनी नजर रखें और रात के समय अपने क्षेत्र की गश्त करने में तनिक लापरवाही न बरतें। अगर कोई वारदात होती है तो उसकी जवाब तलबी संबंधित चौकी प्रभारी की होगी। शहर थाना प्रभारी स्वयं देर रात तक गश्त पर रहेंगे और रात्रि गश्त का जायजा भी लेंगे।
एसपी करेंगे औचक निरीक्षण
एटीएम ले जाने वाली वारदात के बाद सुरक्षा प्रबंधों की धज्जियां उड़ने के साथ ही पुलिस अधीक्षक मितेश जैन ने इसे गंभीरता से लिया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक देर रात अपनी निजी गाड़ी में रात को सुरक्षा प्रबंधों का औचक निरीक्षण करेंगे। पुलिसकर्मी गश्त पर हैं या नहीं, इसकी सच्चाई जानने के लिए एसपी स्वयं सड़कोें पर उतरेंगे। जो भी पुलिस कर्मी या अधिकारी ड्यूटी में लापरवाही बरतता पाया गया, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। एसपी मितेश जैन कार्यभार संभालने के बाद नौ पुलिस कर्मचारियाें को सस्पेंड कर चुके हैं। उक्त पुलिस कर्मचारी एसपी के औचक निरीक्षण के दौरान सिटी थाने में ड्यूटी से गैर हाजिर मिले थे।
पुलिस के आदेशों की जानकारी मिली
पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक राजेश खन्ना ने बताया कि पुलिस के आदेशों की उन्हें जानकारी है और उन्होंने तुरंत प्रभाव से अपने बिना गार्ड वाले और दूसरे अन्य एटीएम भी कुछ दिनों के लिए रात के समय बंद कर दिए हैं। ये सब निर्देश उन्होंने सुरक्षा के एहतियात के लिए दिए हैं। कुछ दिन बाद व्यवस्था पुख्ता कर रात के समय सेवा चालू की जाएगी