सिरसा: काउंसलिंग के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचे नशा पीड़ित।
सिरसा। नशे से पीड़ित युवाओं का इलाज करवाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए सिरसा पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। रानियां थाना क्षेत्र के अंतर्गत करीवाला चौकी इंचार्ज ने मंगलवार को नशे से पीड़ित 15 युवकों को चिन्हित किया। इसके बाद इन युवकों को समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा में लाया गया, जहां स्थानीय प्रशासन के सहयोग से उनकी काउंसिलिंग करवाई व दवाइयां दिलवाई गईं।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि सिरसा पुलिस एक ओर नशा तस्करों और अवैध रूप से मेडिकल स्टोर पर नशीली दवाइयां बेचने वालों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर उनकी धरपकड़ कर रही है। वहीं दूसरी ओर नशे से पीड़ित युवाओं की काउंसिलिंग करवाकर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के प्रयास भी कर रही है।
उन्होंने बताया कि युद्ध स्तर पर चलाई जा रही नशे के खिलाफ मुहिम के सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं। पुलिस की इस मुहिम से प्रभावित होकर अनेक युवा नशा छोड़ने के लिए आगे आ रहे हैं। नशे से पीड़ित कोई भी व्यक्ति निसंकोच पुलिस से मदद मांग सकता है। एसपी ने आमजन से अपील की है कि यदि आसपास कोई व्यक्ति नशे का आदी है और छोड़ना चाहता है, तो उसकी सूचना पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक ने आह्वान किया कि यदि कोई व्यक्ति आसपास नशा बेचता है, तो उसकी सूचना निसंकोच व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से मोबाइल नंबर 8814056100 या 8814011620 पर दें, ताकि उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके।