दुकानदार से बातचीत करते थाना प्रभारी । संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। त्योहारी सीजन के चलते बाजार में अतिक्रमण की स्थिति भी गंभीर होती जा रही है। मंगलवार शाम को यातायात थाना प्रभारी ने पुलिस बल के साथ एक बाजार से अतिक्रमण हटवाना शुरू किया तो दूसरे में पहुंचने पौना घंटा लग गया। स्थिति यह है कि मोटरसाइकिल की आवाजाही भी बेहद ही मुश्किल से हो पाती है। दुकानों के बाहर फट्टे लगाकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को भी यातायात थाना प्रभारी ने फटकार लगाई और कहा कि अगर बाजार में आग लगने की घटना हो जाती है तो दमकल की गाड़ी कहां से पहुंच पाएगी। फिर सभी दुकानदार प्रशासन को जिम्मेदार ठहराओगे।
मंगलवार दोपहर बाद यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बहादुर सिंह पुलिस जवानों के साथ शहर के गीता भवन वाली गली में पहुंचे। यहां पर उन्होंने रेहड़ी चालकों को हटवाना शुरू कर दिया। इसके बाद शहर के फैशन कैंप वाली गली से अतिक्रमण हटवाया। इस गली में दुकान के बाहर फड़ी लगाने के साथ-साथ छज्जों और पेड़ों के साथ भी बैंच लगाकर सामान बेचा जा रहा था। करीब पौने घंटे के दौरान यातायात पुलिस शहर के फैशन कैंप वाली गली और मोहंता मार्केट से ही अतिक्रमण हटवा पाई। उन्होंने दुकानदारों को भी यहां पर एकत्र करके फटकार लगाई और चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इसके बाद भी बाजार में अतिक्रमण हुआ तो संबंधित दुकानदार पर कार्रवाई की जाएगी।
बाजार में बना अफरा तफरी का माहौल
शाम को यातायात पुलिस का काफिला बाजार में पहुंचने की सूचना मिलते ही बाजार में अफरा तफरी का माहौल बन गया। दुकानदार दुकानों के बाहर खड़े फट्टों को अंदर करने में जुट गए। कई दुकानदारों नेे तो दुकान का आधे से अधिक सामान दुकान से बाहर रोड पर लगा रखा गया था। दुकानों के बाहर छज्जों और शिकंजों पर लटकाया सामान नहीं हटाया। यातायात थाना प्रभारी ने सभी मौके पर ही सामान हटाने के निर्देश दिए।
पेड़ के नीचे ही लगा दी दुकान
मोहंता मार्केट में कपड़े, खिलौने, घर की सजावट सहित हर प्रकार के सामान बेचा जाता है। ऐसे में एक युवती ने पेड़ के चारों तरफ फट्टा लगाकर सामान बेचने के लिए दुकान सजा रखी था। थाना प्रभारी जवानों को हटाने के निर्देश दे दिए और वहीं पर ही सामान हटवा दिया।
शहर के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण हटवाया गया है और चेतावनी दी गई है। बाजारों में अगर अतिक्रमण अब दोबारा से किया जाता है तो दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बाजार में पुलिस जवानों को भी तैनात किया गया है। - इंस्पेक्टर बहादुर सिंह, यातायात थाना प्रभारी।
पेड़ के नीचे सजा रखी दुकान को हटवाते यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बहादुर सिंह। संवाद- फोटो : Sirsa