पकड़े गए आरोपी पुलिस की गिरफ्त में ।
सिरसा। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन सिरसा की विशेष टीम ने 21 जून को गांव पनिहारी के एक व्यक्ति के साथ हुई 40,500 रुपये की ऑनलाइन ठगी को सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला और उसके साथी को दिल्ली क्षेत्र से काबू किया है। जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उत्तम नगर दिल्ली निवासी ओकाफोर क्रिश्चियन उर्फ ओकाये इफेयानी कलेटस और उसकी महिला साथी दिलचे बी संगमा के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों को सिरसा अदालत में पेश करके दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। बता दें कि इस संबंध में गांव पनिहारी निवासी राजकुमार की शिकायत पर 26 जून को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन सिरसा में ठगी का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले को सुलझाने के लिए साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन की एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
इस प्रकार दिया वारदात को अंजाम
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि कि आरोपी ओकाफोर ने षडयंत्र रचकर पीड़ित राजकुमार से फेसबुक पर लड़की बनकर एक दोस्ती स्थापित की। इसके बाद फेसबुक के माध्यम से बातचीत जारी रखी। कभी-कभी अपनी साथी लड़की को वीडियो कॉल के माध्यम से पीड़ित राजकुमार को दिखा देता था, ताकि उसको कोई शक ना हो। आरोपी ने कॉल करके पीड़ित को बताया कि वह भारत आ रही है। इसके बाद आरोपी ने दावा किया कि उसे एयरपोर्ट पर पुलिस ने बड़ी मात्रा में डॉलर ले जाने के कारण रोका हुआ है। इसके बाद पीड़ित को एक काॅल आई, जिसमें कहा गया कि उसकी मित्र को हिरासत में लिया गया है, और उसके बैग को छोड़ने के लिए प्रमाण पत्र की आवश्यकता है। इस प्रमाण पत्र के लिए पीड़ित से ऑनलाइन माध्यम से 40,500 रुपये का भुगतान करने को कहा गया था। उसने बताए गए नंबर पर पैसे डलवा दिए थे।