ठेकेदार राजेंद्र की हत्या की निष्पक्ष जांच के लिए एसपी से मिलने के लिए जाते परिजन।
सिरसा। गांव नीमला निवासी ठेकेदार राजेंद्र उर्फ राजू की हत्या के मामले को लेकर परिजन मंगलवार को एसपी से मिले और मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। मृतक राजेंद्र उर्फ राजू के पिता महावीर सिंह ने बताया कि धर्मवीर खारिया ने उसके बेटे की हत्या सोची समझी साजिश के तहत करवाई थी।
उन्होंने मांग की कि मुख्य आरोपी धर्मवीर के मौसे के लड़के भीमसेन निवासी खारिया की भी गिरफ्तारी की जाए, जो कि वारदात के समय उसके साथ था। मुख्य साजिशकर्ता पवन सहारण, जगदीश सहारण व जगतार सरपंच रघुआना, जगतार सरपंच का ड्राइवर बिंद्र सिंह, जगतार के रिश्तेदार हवेन्द्र सिंह निवासी रघुआना व अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शीघ्र की जाए।
पिता ने मांग करते हुए कहा कि आरोपियों से उनको खतरा हैं, ऐसे में उनकी जान-माल की रक्षा की जाए। सभी आरोपियों व उनके परिवार के सदस्यों के हथियारों के लाइसेंस जब्त व बैंक अकाउंट सीज किए जाएं। आरोपियों से राजेंद्र के कानों में पहनी गई सोने की बालियां, चेन, पर्स, मोबाइल, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस की बरामदगी की जाए। महावीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की ओर उनको लगातार धमकियां आ रही हैं, जिससे उनके परिवार के लोग भी डरे हुए हैं।