सिरसा। एएनसी स्टाफ टीम ने चौहान नगर मंडी डबवाली से एक महिला व युवक को 126 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की पहचान पंजाब के मुक्तसर जिले के फकरसर थेड़ हाल निवासी चौहान नगर डबवाली के शंटी और अमरजीत कौर के रूप में हुई। दोनों रिश्ते में दादी-पोता लगते हैं।
एएनसी प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस की टीम डबवाली के बठिंडा चौक पर मौजूद थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली की शंटी अपनी दादी अमरजीत कौर के साथ हेरोइन बेचने का धंधा करता है। अभी भी वह चौहान नगर एरिया में हेरोइन बेच रहे हैं। इस पर पुलिस टीम जब सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची तो एक युवक और एक बुजुर्ग महिला गली में एक घर के सामने खड़े थे। पुलिस की गाड़ी देखकर दोनों घर के अंदर जाने लगे।
इस पर पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए दोनों को रोका और पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शंटी व बुजुर्ग ने अपना नाम अमरजीत कौर निवासी फकरसर थेड जिला मुक्तसर (पंजाब) हाल चौहान नगर डबवाली बताया। दोनों से पुलिस को देखकर घर में घुसने का कारण पूछा तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर पुलिस टीम ने राजपत्रित अधिकारी को मौके पर बुलाया और दोनों की तलाशी ली। इस दौरान युवक के लोअर की जेब से 22 ग्राम तो उसकी दादी के पास से 104 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह हेरोइन संगीता रानी पत्नी गोरा ठेकेदार वासी प्रेमनगर डबवाली से लेकर आए थे। हेरोइन बेचकर उसे पैसे देने थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मादक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।