पुलिस द्वारा पकड़े गए मोटरसाइकिल चोर गिरोह के सदस्य और बरामद किए गए मोटरसाइकिल
- फोटो : Sirsa
सिरसा। सार्वजनिक स्थानों पर खड़े होने वाले मोटरसाइकिलों को चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को सीआईए सिरसा ने काबू किया है और उनके कब्जे से 10 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। आरोपी सिरसा थेहड़ मोहल्ला में किराये के मकान में रहते थे। बिना नंबर की मोटरसाइकिल पाए जाने पर पुलिस ने उक्त आरोपियों को काबू किया है।
सीआईए इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी जसपाल व सुनील कुमार गांव लोहगढ़ जिला मानसा पंजाब के रहने वाले है और रिश्ते में दोनों साढू हैं। वे सिरसा में अपने ससुराल के मकान के पास ही किराये का मकान लेकर रह रहे थे। सीआईए सिरसा हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की टीम ने बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल ले जाते हुए दोनों आरोपियों को ऑटो मार्केट से काबू किया। मोटरसाइकिल के दस्तावेजों की जांच की तो वह चोरी का पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य कई चोरी के मोटरसाइकिल होने की भी बात कबूली। जिसके बाद पुलिस ने निशानदेही पर दोनों के मकान से चोरी किए गए नौ मोटरसाइकिल बरामद किए हैं।
चाय पीने होटल पर रुके, चोरी हो गई मोटरसाइकिल
ऐलनाबाद। गांव संतनगर निवासी दिहाड़ी मजदूरी का कार्य करने वाले एक व्यक्ति सविंद्र सिंह का मोटरसाइकिल उस वक्त चोरी हो गया, जब वह एक होटल के बाहर अपना मोटरसाइकल खड़ा कर अंदर चाय पीने गया था।
जानकारी के अनुसार सविंद्र सिंह निवासी संतनगर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऐलनाबाद में अपना कार्य करके अपनी प्लेटिना मोटरसाइकिल से घर वापस जा रहा था। घर जाते समय स्थानीय डबवाली रोड पर स्थित एक होटल पर चाय पीने के लिए रुक गया। जब वह बाहर आया तो देखा मोटरसाइकिल गायब थी। थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।