दोनों पक्षों का इंतजार करते अधिकारी।
- फोटो : Sirsa
अदालत के आदेश पर रविवार को कब्जा कार्रवाई के लिए पहुंचे ड्यूटी मजिस्ट्रेट, राजस्व अधिकारी व पुलिस भीषण गर्मी में करीब एक घंटे तक इंतजार करने उपरांत दोनों पक्षों के ना पहुंचने पर वापिस लौट गए। पन्नीवाला मोटा में 2 पक्षों के प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था। मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बाद फैसला एक पक्ष के हक में आ गया था। लेकिन कब्जाधारी ने जगह खाली नहीं की। जिसके बाद न्यायालय ने कब्जा छुड़वाने के लिए आदेश दिए। कार्रवाई में तहसीलदार प्रदीप चहल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।
रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ओढां पुलिस के अलावा सिरसा से अतिरिक्त पुलिस बल पन्नीवाला मोटा पहुंचा। भीषण गर्मी में तकरीबन एक घंटे तक अधिकारी इंतजार करते रहे। लेकिन दोनों पक्षों के ना पहुंचने पर अधिकारी बैरंग लौट गए। इस दौरान दोनों पक्षों की महिलाओं का कहना था, कि उन्हें इस कार्रवाई के लिए पहले कोई नोटिस या जानकारी नहीं दी गई। जबकि मौके पर मौजूद पटवारी विकास कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि वह दोनों पक्षों के पास नोटिस लेकर पहुंचा था। लेकिन वे रिसीव न करें तो उनका क्या कसूर है। करीब एक घंटे तक दोनों पक्षों का इंतजार करने उपरांत अधिकारी बैरंग लौट गए। कानूनगो हरीश कुमार ने बताया कि 2 पक्षों का प्लॉट को लेकर विवाद था। जिसमें फैसला विजय सिंह नामक व्यक्ति के हक में हुआ था। उन्होंने पटवारी के माध्यम से नोटिस भेजकर दोनों पक्षों को रविवार को होने वाली कब्जा कार्रवाई में मौजूद रहने के लिए कहा था। लेकिन दोनों पक्षों ने नोटिस रिसीव नहीं किया।