फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरसा में PNG का रिसाव: घरोंं से सप्लाई रही बाधित, पानी का कनेक्शन करते समय प्लंबर ने डाला छेद, बड़ा हादसा टला

Sat, 23 Nov 2024 08:49 AM IST
नवीन दलाल संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा (हरियाणा)

सार

गुजरात गैस एजेंसी के सिरसा इंचार्ज कुलदीप सिंह ने बताया कि शाम साढ़े पांच बजे गैस लीक की सूचना मिली थी। उसके बाद तीन से साढ़े तीन घंटे का समय पाइप से पूरी तरह से गैस उड़ाने में लगा। इस दौरान वॉल मुख्य लाइन का चेंज कर दिया गया, जिससे घरों में सप्लाई शुरू हो गई।
विज्ञापन
भारत नगर में लाइन दुरुस्त करते हुए एजेंसी के कर्मचारी। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सिरसा के कंगनपुर रोड स्थित भारत नगर में पेयजल लाइन में कनेक्शन जोड़ने के चक्कर में लापरवाह प्लंबर ने पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) लाइन में वीरवार शाम पांच बजे ड्रिल से छेद कर दिया था। इस वजह से करीब चार घंटे तक रात करीब 9 बजे तक रिसाव होने से मोहल्ले में दुर्गंध फैल गई। घरों में सप्लाई बाधित हो गई। यदि इस दौरान कोई चिंगारी उठती तो शहर में बड़ा हादसा हो सकता था। गुजरात गैस पाइप लाइन के अधिकारियों ने मौके की जांच की तो इसका खुलासा हुआ। वहीं, शुक्रवार को अमृतसर से पहुंची विशेष टीम गैस पाइप लाइन को दुरुस्त करने में जुटी हुई है।

विज्ञापन


अहम बात यह है कि जो दुकानदार पेयजल का कनेक्शन करवा रहा था उसने भी विभाग से कोई अनुमति नहीं ली थी। वहीं, सड़क तोड़ने से पहले नगर परिषद से भी अनुमति लेना जरूरी नहीं समझा। यदि कोई हादसा होता तो कई लोगों की जान जा सकती थी। वहीं, शुक्रवार को गुजरात गैस एजेंसी द्वारा पाइप को जोड़ने वाली एक्सपर्ट टीम अमृतसर से पहुंच गई है। अब यही टीम पाइप लाइन को जोड़ने का कार्य करेगी। खराब हुए टुकड़े को काटकर बदला जाएगा। भारतनगर मोहल्ले में 1500 घरों में पीएनजी कनेक्शन है। अनुमान के मुताबिक 10 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान गैस लीक होने से कंपनी को हुआ है।
चेतावनी बोर्ड तक हटा दिया

पानी का कनेक्शन करने वाला प्लंबर इतना नासमझ था कि उसने गुजरात गैस पाइप लाइन के ऊपर लिखा हुआ चेतावनी बोर्ड तक हटाकर एक तरफ रख दिया। लोहे की 6 इंची चार परत वाली गैस पाइप लाइन तक पहुंचने से पहले ऊपर एक परत ओर होती है। उस पर चेतावनी लिखी होती है। प्लंबर ने उस चेतावनी को पढ़ा तक नहीं और ड्रिल करना शुरू कर दिया। परिणाम यह हुआ कि 6 किलोमीटर लंबी मुख्य लाइन खाली हो गई, जिससे सात दिनों तक शहर को गैस सप्लाई की जा सकती थी।
विज्ञापन


कनेक्शन लेने के लिए इनसे अनुमति लेनी अनिवार्य
1- जनस्वास्थ्य विभाग
नियमानुसार पेयजल व सीवरेज कनेक्शन लेने के लिए आवेदन फार्म जनस्वास्थ्य विभाग में जमा करवाना होता है। उसकी फीस विभाग द्वारा जमा करवाई जाती। वहां से रसीद मिलती है और विभाग के अनुभवी प्लंबर के नंबर भी उपलब्ध करवाए जाते हैं। क्योंकि उन्हें जानकारी होती है कि कहां पर किस जगह लाइन बिछाई गई है।
2- नगर परिषद
नगर परिषद द्वारा बनाई गई किसी भी सड़क को तोड़ने या खोदने से पूर्व अनुमति लेनी जरूरी है। जनस्वास्थ्य विभाग के अनुमति पत्र के साथ ही नगरपरिषद की इंजीनियरिंग शाखा में आवेदन किया जाता है। वहां पर गड्ढे या कट की लंबाई, चौड़ाई व मेटिरियल के हिसाब से पैसा जमा करवा जाता है। इसके बाद अनुमति दी जाती है।

हल्की होने के कारण हवा में उड़ जाती है गैस
पीएनजी हल्की होती है। वह तेजी से हवा में उड़ जाती है। जब तक कोई चिंगारी उसके पास नहीं आती है वह जलती नहीं है। इसका असर आसपास के दो से ढाई मीटर के एरिया में होता है। वहां पर यह सक्रिय रहती है।

यह लाइन की सुरक्षा
जानकारी के अनुसार पीनएजी के लिए छह इंची लोहे की पाइप लाइन बिछाई जाती है। जो चार लेयर की होती है। इसके ऊपर 500 एमएम की सुरक्षा परत चढ़ाई जाती हे। जिस पर लिखा जाता है कि गैस पाइप लाइन है और हादसा हो सकता है।

प्रतिक्रिया
हमारे पास पेयजल और सीवरेज लाइन बिछाने को लेकर कोई शहरवासी अनुमति लेने के लिए नहीं आता है। नियमानुसार जन स्वास्थ्य विभाग से अनुमति लेने के बाद नगर परिषद से रोड कट की अनुमति लेनी होती है। ऐसा कोई नहीं करता है। यहीं, कारण है कि नगर परिषद की बनाई सड़क समय से पहले टूट जाती हैं। -प्रवीण शर्मा, जेई, नगर परिषद।

गुजरात गैस एजेंसी के सिरसा इंचार्ज कुलदीप सिंह ने बताया कि शाम साढ़े पांच बजे गैस लीक की सूचना मिली थी। उसके बाद तीन से साढ़े तीन घंटे का समय पाइप से पूरी तरह से गैस उड़ाने में लगा। इस दौरान वॉल मुख्य लाइन का चेंज कर दिया गया, जिससे घरों में सप्लाई शुरू हो गई। सुबह सप्लाई बाधित न हो इसके लिए विशेष टैंक मंगाकर सप्लाई शुरू करवा दी गई है। अभी मरम्मत का कार्य जारी है। रात को लाइन पुरी तरह से ठीक हो जाएगी। अमृतसर से आई हुई टीम काम कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें