ऐलनाबाद।राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय में विद्यार्थी अपने पोस्टर दिखाते हुए। स्कूल
ऐलनाबाद। राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय में मंगलवार को विश्व मानक दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा में शपथ ग्रहण से की गई। इसमें सभी विद्यार्थियों ने यह संकल्प लिया कि वे समाज में मानकों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बीआईएस क्लब मेंटर मीनू जाखड़ ने इस वर्ष की थीम एक बेहतर दुनिया के लिए सांझा दृष्टिकोण सतत विकास लक्ष्यों के लिए मानक से अवगत करवाया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बीआईएस क्लब के सदस्यों की ओर से प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसका शीर्षक था हम बदलेंगे तभी तो दुनिया बदलेगी। इस नाटक में छात्रों ने संयुक्त राष्ट्र संघ की ओर से निर्धारित 17 सतत विकास लक्ष्यों को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। यह संदेश दिया कि प्रकृति और प्रगति दोनों का संतुलन बनाए रखना ही सच्चा विकास है।
इसके अलावा क्लब सदस्यों ने रंग-बिरंगी रंगोली बनाकर पेड़ लगाने, हरियाली बचाने और सतत विकास के लक्ष्यों को साकार करने का संदेश दिया। विद्यालय में प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से 17 सतत विकास लक्ष्यों का विस्तारपूर्वक प्रदर्शन किया। इससे विद्यालय के सभी छात्रों को इन लक्ष्यों के महत्व से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के बाद बीआईएस क्लब के सदस्यों को स्नैक्स वितरित किए गए। इस अवसर पर अनिल दहिया, संजय कुमार, कविता, मनिंदर, रवीना तथा विद्यालय के प्राचार्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना रहा। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे अत्यंत शैक्षणिक और प्रेरणादायक बताया।