डबवाली। पुलिस अधीक्षक डबवाली निकिता खट्टर आईपीएस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अकाल अकेडमी अहमदपुर दारेवाला में नशा मुक्ति पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंची। उन्होंने खिलाड़ियों को नशे जैसी सामाजिक बीमारी से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराधों व महिला सुरक्षा पर विद्यार्थियों की ओर से पूछे गए सवालों के जवाब दिया।
साथ ही उन्हें साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1930 व महिला हेल्पलाइन नंबर डायल 112,1091 और 181 बारे जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिता में भाग लेकर अपना दमखम दिखाया, जिस पर पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। एसपी ने उन्हें नशे से दूर रहकर खेलों को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों के जीवन में आने वाले उतार चढ़ाव के बारे में चर्चा की और कहा कि पुलिस की ओर से जन जागरूकता अभियानों के तहत नशे, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा का संदेश दे रही है। नशे के कारण बहुत सी समस्याएं पैदा होती हैं, जिसमें सबसे पहले है, स्वास्थ्य संबंधित समस्याएं जिसमें व्यक्ति अंदर से खोखला होने लगता है।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपनी धन संपत्ति को नशे में उड़ाने लगता है और पैसा खत्म होने के बाद वह चोरी लूट जैसी वारदातों को अंजाम देना शुरू कर देता है। उक्त समस्याओं से बचने का एक ही उपाय है कि आप नशे से दूर रहें तथा जिस व्यक्ति को नशे की लत लग चुकी है वह योग व्यायाम करें और अपने मन को इतना मजबूत बनाएं कि वह अपने आप को नशे से दूर रख सके।
गांव स्तर पर स्टेडियम या खेल मैदान कबड्डी, क्रिकेट, वाॅलीबाल, फुटबाल जैसे खेल खेलने चाहिए। इस मौके पर प्रबंधक महिला थाना उप निरीक्षक कमला देवी व अन्य पुलिस कर्मचारियों के साथ प्रधानाचार्य भूपेंद्र कौर, सेक्रेटरी गुरदेव सिंह, सरपंच अहमपुर दारेवाला राधिका कालड़ा व स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।