ऑनलाइन फार्मेसी पर रोक लगाने की मांग, हड़ताल से लोगों को हो सकती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को जिलेभर की करीब दो हजार फॉर्मेसी की दुकानें बंद रहेंगी। हड़ताल के कारण लोगों को दवाइयों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सिरसा केमिस्ट एसोसिएशन के जिला प्रधान एमएल बजाज ने बताया कि ऑनलाइन फार्मेसी का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है लेकिन इसमें दवाओं के रखरखाव व गुणवत्ता संबंधी मानकों का पालन नहीं किया जाता। दवाओं को निर्धारित तापमान में रखना जरूरी होता है जबकि ऑनलाइन विक्रेता इन नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। कई बार एक्सपायरी के नजदीक पहुंच चुकीं दवाएं भी ग्राहकों को भेजी जाती हैं।
बजाज ने आरोप लगाया कि नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाइयों व एमटीपी किट की ऑनलाइन बिक्री भी जारी है जबकि केमिस्टों को इनकी बिक्री करने की अनुमति नहीं। एसोसिएशन का कहना है कि सरकार दवा बनाने वाली कंपनियों पर कार्रवाई नहीं करतीं जबकि केमिस्टों पर सख्ती की जाती है।
प्रधान एमएल बजाज ने बताया कि केमिस्ट टैक्स देने के साथ सभी नियमों का पालन करते हैं। इसके बावजूद उन पर ही कार्रवाई होती है। एसोसिएशन ने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग की।
जरूरत पड़ने पर यहां से लें दवा
हड़ताल के दौरान लोग नागरिक अस्पताल, थेहड़ मोहल्ला, चतरगढ़पट्टी, खैरपुर व इंद्रपुरी स्थित सरकारी डिस्पेंसरी और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों से दवाइयां प्राप्त कर सकेंगे।