सिरसा। राजस्थान के जोधपुर में मंडोर थाना क्षेत्र में 18 फरवरी की सुबह सिरसा के इनलो नेता की गाड़ी में सवार लोगों ने एक कार चालक को रोककर उसके साथ मारपीट की। गाड़ी इनेलो नेता करण चौटाला की बताई जा रही है। वह गाड़ी में सवार थे या नहीं। इसकी अभी जांच की जा रही है।
मंडोर थाने की प्रभारी सब इंस्पेक्टर अरुणा कुमारी के मुताबिक फलोदी निवासी मजीद खां ने रिपोर्ट में बताया कि 18 फरवरी की सुबह तीन वाहनों में सवार कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए।
मजीद ने आरोप लगाया कि वाहन में सवार लोगों के पास एके 47 राइफल भी थी और जान से मारने की धमकी दी। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि मजीद कार में अपने साथियों के साथ रेलवे स्टेशन जा रहा है।
इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई तीन गाड़ियों ने एमडीडीआई के पास कार को रुकवाकर सवारों के साथ मारपीट करते हैं। मंडोर थाने के आगे और ओटीसी रिसोर्ट के रास्ते के बीच भी मारपीट की और गाड़ी में तोड़फोड कर भाग गए। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि आरोपी होटल बालसमंद में ठहरे हुए थे। होटल जाकर पता किया तो पता चला कि हरियाणा के सिरसा जिले से इनेलो नेता करण चौटाला अपने साथियों के साथ 17 फरवरी को एक शादी समारोह में आए थे। 18 फरवरी की सुबह होटल जाने के दौरान इनकी गाड़ी को मजीद ने ओवरटेक किया।
इससे नाराज होकर मजीद की कार को रुकवाया और उसमें सवार लोगों के साथ मारपीट की। पुलिस के मुताबिक अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि आरोपियों के पास एके 47 थी और कार में इनेलो नेता करण चौटाला सवार थे। फिलहाल जांच की जा रही है।