सिरसा। ईरा ग्रुप के गेट पर लगाया ताला। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
सिरसा। बरनाला रोड पर स्थित सोसाइटी ईरा ग्रुप के निवासियों की पार्क में नए बिजली के टावर को लगाने पर बीते कई दिनों से बिजली निगम से तनातनी चल रही है। ऐसे में बुधवार को कॉलोनीवासियों ने ईरा ग्रुप के मुख्य गेट पर ताला लगा बिजली कर्मचारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। दोपहर बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच पहुंचे तहसीलदार ने कॉलोनीवासियों को समझाते हुए टावर को दूसरी जगह लगाने का आश्वासन देते हुए ताला खुलवाया।
वहीं कॉलोनीवासियों का कहना है अगर वीरवार तक बिजली विभाग व जिला प्रशासन की ओर से उनके पक्ष में फैसला नहीं हुआ तो पुरजोर तरीके के धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। दरअसल, ईरा ग्रुप वासियों ने पार्क के बजाय बाहर से लाइन गुजारने की मांग रखी थी। इसके कारण दिनभर ईरा ग्रुप सोसायटी में माहौल गरमाया रहा।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस की मौजूदगी में लोगों को हटाकर बिजली निगम ने पार्क में टावर लगाने का काम शुरू कर दिया था। वहीं सभी ग्रुप वासियों ने इसके विरोध में मामला न सुलझने पर बुधवार सुबह को मुख्य गेट पर ताला लगाकर सुबह 9 बजे से लेकर शाम पांच बजे तक प्रदर्शन किया और बिजली कर्मचारियों के अंदर आने पर पाबंदी लगा दी।
ऐसे में जिला उपायुक्त के आदेशों के अनुरूप उनके बीच पहुंचे तहसीलदार ने मौके का मुआयना कर सभी लोगों को समझाया व टावर को हटाने का आश्वासन भी दिया है। ऐसे में वार्ड के पार्षद व लोगों का कहना है कि अगर विभाग की ओर से पार्क से टावर नहीं हटाया गया तो वह सख्त निर्णय लेते हुए धरना करने से गुरेज नहीं करेंगे। यह ईरा ग्रुप के एकमात्र पार्क को बचाने के लिए किया जा रहा है।