डबवाली। वार्ड नंबर 9 की एकता नगरी की गली नंबर सात के लोग इन दिनों कॉलोनी में चल रही व्यवसायिक गतिविधियां से परेशान हैं। गतिविधियों के कारण हर वक्त गली में जाम रहता है और वाहन खड़े रहते हैं। आने जाने वाले दुपहिया वाहनों तक को परेशानी उठानी पड़ती है। इतना ही नहीं, लोगों द्वारा डायल 112 को फोन कर हर रोज वाहनों को हटवाना पड़ता है। इस कारण पुलिस प्रशासन से लेकर आमजन को तंग होना पड़ रहा हैं।
इस बारे में गली निवासी लखविंदर सिंह, रामकुमार , बबलू , जगदीश शर्मा, बलविंदर मान व अन्य ने बताया कि उनकी गली में लगातार सुबह-शाम भारी वाहनों का आवागमन रहता है। गली में कई गोदाम बने हुए हैं। जिनमें व्यावसायिक गतिविधियां चलती रहती है। इन गोदामों में आने और जाने वाले वाहनों के कारण हर कोई परेशान है। उन्होंने कहा कि नगरपरिषद की कार्यप्रणाली लचर होने का परिणाम है कि बड़े स्तर पर रिहायशी क्षेत्रों को व्यावसायिक गतिविधियां चल रही है। जिस कारण आमजन को जीना मुहाल हो गया है।
उन्होंने बताया कि भारी वाहनों के कारण गली में बच्चों और बुजुर्गों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार दुपहिया व चौपहिया वाहनों की चपेट में बच्चे आ चुके हैं। इतना ही नहीं, गली में लोगों को पैदल गुजरना मुश्किल हो गया है। कई बार एसडीएम डबवाली व नगरपरिषद अधिकारियों को भी शिकायत दर्ज करवाई है । लेकिन अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
गोदामों व अन्य व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई करें प्रशासन
गली के लोगों के अनुसार गली में गोदाम व अन्य व्यवसायिक गतिविधियों को लेकर नगर परिषद अधिकारियों से कई बार कार्रवाई की मांग कर चुके हैं। प्रशासन ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। गली के लोगों की मांग है कि प्रशासनिक अधिकारी व्यवसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई करें ताकि लोगों को गलियों में निकलना सुरक्षित हो सके।
गलियों में चल रही व्यवसायिक गतिविधियों को लेकर शिकायत प्राप्त हुई है। इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-सुरेंद्र कुमार, कार्यकारी अधिकारी, डबवाली