चोपटा। सीईटी परीक्षा के मद्देनजर ग्राम पंचायत कुसुंबी ने पहल की है। ग्राम पंचायत ने गांव के सभी परीक्षार्थियों के लिए यातायात की मुफ्त सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए बकायदा निशुल्क यात्रा पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू कर दिया गया है। सरपंच वेद प्रकाश ने बताया कि कुसुंबी गांव से करीब 100 बच्चे इस बार सीईटी देंगे, जिनका परीक्षा केंद्र हिसार आया है।
सरपंच वेद प्रकाश ने बताया कि बहुत से गरीब परिवारों के बच्चे परीक्षा देने में कई बार असमर्थ होते हैं। वहीं ,बच्चों को परीक्षा केंद्र तलाशने में काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है। इन सब परेशानियों को देखते हुए पंचायत की ओर से यातायात की विशेष व्यवस्था की गई है, जो परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के द्वार तक पहुंचाएगी।
उन्होंने बताया कि इसके लिए निशुल्क यात्रा पंजीकरण शुरू किया गया है। इसमें अब तक करीब 70 बच्चों ने पंजीकरण भी करवा लिया है। इन परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र पर समयानुसार पहुंचाया जाएगा। वापस घर पहुंचने की भी व्यवस्था की गई। दो दिन चलने वाली इस परीक्षा के लिए बकायदा सुबह-शाम अलग-अलग वाहनों का प्रबंध किया गया है।