थाना शहर सिरसा पुलिस ने वीरवार देर रात गश्त व चेकिंग के दौरान शहर के शमशाबाद पट्टी क्षेत्र से एक गाड़ी से एक लाख 26 हजार 800 रुपये की नकदी, पुलिस की वर्दी और कई नंबर प्लेट बरामद की हैं। इस मामले में दो आरोपियों की पहचान की जा चुकी है। माना जा रहा है इस गिरोह के लोग नई करेंसी के नाम पर लोगाें के साथ ठगी करते थे।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि शहर थाना पुलिस को वीरवार रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि ऐलनाबाद की तरफ से एक कार आ रही है, जिसमें सवार व्यक्ति नोट बदलने के नाम पर ठगी करते हैं। इस सूचना को पाकर शहर थाना सिरसा पुलिस ने रानियां रोड पर नाकाबंदी कर ऐलनाबाद की ओर से आने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक ईटीओस कार आई, जिसमें सवार तीन लोग पुलिस पार्टी को देख कार को शमशाबाद पट्टी की ओर ले जाकर कार को छोड़ मौके से फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि कार की तलाश लेने पर एक बैग बरामद हुआ, जिसमें से 70 हजार रुपये की नई करेंसी व 56,800 रुपये की पुरानी करेंसी बरामद हुई। उन्होंने बताया कि कार से 14 पैकेट कागज, जिनके ऊपर-नीचे एक-एक सौ-सौ रुपये का नोट, 18 पैकेट जिसके ऊपर 500 रुपये का नोट लगाया हुआ था, जबकि 16 खाली पैकेट कागज के बरामद हुए। गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट है और गाड़ी से दो अन्य नंबर प्लेट व पुलिस की वर्दी भी बरामद हुई है। इस संबंध में थाना शहर सिरसा में केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक हिसार और एक सिरसा का रहने वाला है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा कि वे किस किस को चूना लगा चुके हैं।