सिरसा शहर के बेगू रोड स्थित सतनाम चौक पर ई-रिक्शा पलटने के कारण डेढ़ वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। इससे पीड़ित परिवार का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाकर चौक पर धरना देकर जाम लगा दिया।
पुलिस ने पीड़ित परिवार से लिखित में शिकायत मांगी, तो परिजनों ने शिकायत नहीं दी और आरोपी को गिरफ्तार करने की जिद पर अड़ गए। रात करीब साढ़े आठ बजे पिरजनों ने पुलिस को शिकायत दी और दो दिन में आरोपी को पकड़ने का अल्टीमेटम देते हुए धरना खत्म कर दिया।
घटना शनिवार शाम छह बजे की है। राजस्थान के पदमपुर निवासी रजनी ने बताया कि वह अपने डेढ़ वर्ष के बेटे जैयवीन को लेकर मायके प्रीत नगर में आई हुई थी। शनिवार को वह अपने बेटे को लेकर बाजार स्थित निजी अस्पताल में बुखार की दवाई लेने के लिए गई थी। ऐसे में वह ई-रिक्शा में सवार होकर वापस अपने पिता के घर प्रीत नगर में जा रही थी।
हादसा होते ही एकत्र हुई भीड़, मां की बिगड़ी हालत
बच्चे की हादसे में मौत होने की सूचना मां की हालत भी बिगड़ गई और वह बेसुध हो गई। वहीं, हादसा होने के बाद भीड़ एकत्र हो गई। नाराज लोगों ने जाम लगा दिया। पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों को शिकायत देने की बात कही तो परिजन भड़क उठे। मृतक के परिजनों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक रिक्शा चालक को पुलिस गिरफ्तार नहीं करती तब तक वह जाम नहीं खोलेंगे। इस दौरान शहर थाना प्रभारी अमित बैनीवाल, कीर्तिनगर चौकी प्रभारी आनंद कुमार पुलिस बल के साथ तैनात रहे। रात साढ़े आठ बजे परिजनों ने जाम खोल दिया।
घटनास्थल के सामने है पुलिस चौकी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पुलिस चौकी के घटनास्थल के बिल्कुल ही सामने है। हादसा होने की सूचना जब पुलिस को दी तो पुलिस का कोई भी कर्मचारी वहां पर नहीं आया। उन्होंने मामले की सूचना भी दी और तब पुलिस अंदर बैठकर चाय पी रही थी और आरोपी चालक वहां से फरार हो गया। परिवार के सदस्य व लोगों के धरना दिए जाने के कारण बेगू रोड पर जाम लगा रहा। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले की सूचना मिली है। परिजनों से बातचीत की जा रही है।
- आनंद कुमार, चौकी प्रभारी, कीर्तिनगर।