जेल से पैरोल पर आए डेरामुखी गुरमीत राम रहीम इन्सां ने ऑनलाइन सत्संग शुरू कर दिया है। असली-नकली के विवाद पर डेरामुखी ने ऑनलाइन सत्संग में जिक्र करते हुए विरोधियों को जवाब दिया। डेरामुखी ने कहा कि वजन क्या कम कर लिया, लोग नकली बताने लगे। साथ ही कहा कि हम तो वो ही हैं, कोई दूसरा नहीं। इसके अलावा एक किस्सा कहानी के माध्यम से विरोधियों को जवाब भी दिया।
जून में जेल से पैरोल मिलने के दौरान डेरामुखी गुरमीत राम रहीम यूपी के बरनावा आश्रम में रहा। इस दौरान सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलीं और आरोप लगे कि जेल से बाहर आया डेरामुखी नकली है। इस बारे में उच्च न्यायालय में याचिका भी दर्ज हुई। इस किस्से को लेकर डेरामुखी ने इस बार अनुयायियों से ऑनलाइन तरीके से सीधी बात की। साथ ही नकली बताने वालों को जवाब भी दिया और हंसते हुए कहा कि उनका काम वो कर रहे हैं, कोई बात नहीं। रब उनको सद्बुद्धि दे।
यह भी पढ़ें : बिछ रही बिसात: हनीप्रीत को मिल सकती है डेरे की गुरु गद्दी, मुख्य शिष्य का ही पहला अधिकार!
डेरामुखी ने ऐसे दिया जवाब.....
डेरामुखी ने सत्संग के दौरान कहा कि सभी समय पर आया करो। पुरानी बात याद करवाते हुए बताया कि सत्संग में किसी ने कहा कि गुरु जी लेट क्यों आते हो। इस पर मैंने कहा कि आने नहीं देते। डेरामुखी ने हंसते हुए कहा कि पिछली बार थोड़ा नकली वाला चक्कर था ना। हमने कहा था कि अरे यार, वजन क्या कम कर लिया, लोग नकली ही बनाने लग गए यार। तो हम उनको किसी को बुरा नहीं कहते, उनकी सोच होगी बेचारों की, हमें क्या लेना।
मालिक सबको सद्बुद्धि दे, खुशियां दे। डेरामुखी ने कहा कि इसलिए आप लोगों को याद करवाते रहते हैं कि हम वो ही हैं, दूसरा नहीं है। डेरामुखी ने कहा कि ये कोई हम अपना प्रूफ नहीं दे रहे, लेकिन वैसे आपसे पूछते रहते हैं कि आपको हमारी कही हुई बात याद है या नहीं। डेरामुखी ने एक किस्सा भी सुनाया। एक व्यक्ति जो खेत से घोड़े पर चने ले जा रहा था। किसी समझदार ने अच्छी सलाह दी, लेकिन उसने नहीं मानी।
ये है मामला
सोशल मीडिया पर एक पेज है। इस पर डेरामुखी को लेकर प्रतिदिन कोई न कोई बात रखी जाती है। कभी डेरामुखी को नकली बताया जाता है, तो कभी हाल ही में हुए बदलावों को लेकर भी विरोध जताया गया। साथ ही जेल से बाहर आए डेरामुखी को नकली भी बताया जा रहा है।
हालांकि पिछली बार सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया कि जेल से बाहर आया डेरामुखी ही असली है। डेरामुखी की ओर से दिए गए जवाब के बाद सोशल मीडिया पेज पर भी पोस्ट डाली गई। इसमें भी सत्संग को लेकर विरोध जताया गया है।