डाकघर के पास स्थित कचरा प्वाइंट की दीवार हटाते हुए जेसीबी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। शहरी क्षेत्र में बने कूड़ा डंपिंग प्वाइंट को समाप्त करने के लिए नगर परिषद प्रशासन दावे तो कर रहा है लेकिन धरातल पर काम नहीं हो पा रहा। डीसी के आदेेश के बावजूद अभी तक करीब दो-तीन डंपिंग प्वाइंट ही खत्म हुए हैं। बुधवार को सीएम विंडो की शिकायत पर काम करते हुए नगर परिषद प्रशासन ने मुख्य डाकघर के पास स्थित कूड़ा डंपिंग प्वाइंट हटाया।
निवर्तमान पार्षद विकास जैन ने पिछले वर्ष मार्च में सीएम विंडो में शिकायत दर्ज की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि आर्य समाज रोड स्थित मुख्य डाकघर के पास पार्किंग के स्थान पर कूड़ा डंपिंग प्वाइंट बनाया गया है। यहां पूरा दिन कचरा बिखरा रहता है और लावारिश पशु इसमें मुंह मारते रहते हैं। जिससे यहां पर पार्किंग स्थल का भी सही से इस्तेमाल नहीं हो रहा। इस शिकायत के बाद डीसी अनीश यादव ने पूरे शहर का निरीक्षण किया और सभी डंपिंग प्वाइंट को हटाने के आदेश दिए। वहीं नगर परिषद दो माह के दौरान अभी तक केवल दो-तीन डंपिंग प्वाइंट ही खत्म कर पाया है। जहां डंपिंग प्वाइंट खत्म कर दिए, वहां भी खुले में कूड़ा फेंकने नहीं रोक पाया।
कूड़ा डंपिंग प्वाइंट पर चली जेसीबी, अब यहां नहीं फेंका जा सकेगा कूड़ा
मुख्य डाकघर के नजदीक पार्किंग के लिए बनाई गई जगह को नगर परिषद कचरा डालने के लिए इस्तेमाल कर रही थी। कचरा डालने के कारण यहां पर सारा दिन बेसहारा पशु विचरण करते थे। बदबू के कारण दुकानदारों व बाजार में आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक राजकुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और दीवारें तुड़वा दी। अब यहां खुले में कूड़ा नहीं फेंका जा सकेगा।
पूरे शहर के कूड़ा डंपिंग प्वाइंट को खत्म करना हमारा लक्ष्य है। इसलिए धीरे-धीरे कर एक-एक करके इन्हें खत्म कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को आर्य समाज रोड स्थित डंपिंग प्वाइंट हटाया है
-राजकुमार कागड़ा, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, सिरसा।