गरीबी व परिवार की जिम्मेदारी बनी सजा में नरमी का आधार
डोडा पोस्त तस्करी मामले में 66 वर्षीय बुजुर्ग दोषी करार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डोडा पोस्त तस्करी के छह साल पुराने मामले में कोर्ट ने फैसला सुनाया। स्पेशल एनडीपीएस फास्ट ट्रैक कोर्ट ने आरोपी जगदीश को दोषी करार दिया। कोर्ट ने उसे उतनी ही अवधि के कारावास की सजा दी जितने समय वह हिरासत में रहा था।
कोर्ट ने दोषी पर चार हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। जुर्माना अदा नहीं करने पर एक महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।सुनवाई के दौरान जगदीश ने कोर्ट से नरमी बरतने की गुहार लगाई।
उसने बताया कि उसकी उम्र 66 साल है और वह गरीब परिवार से है। परिवार में वह अकेला कमाने वाला सदस्य है। उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। वह वर्ष 2020 से मुकदमे की परेशानी झेल रहा था।
सजा का आधार
न्यायाधीश सीमा सिंघल ने फैसले में अहम टिप्पणियां कीं। बरामद नशीले पदार्थ की मात्रा मध्यम मात्रा की निचली सीमा में थी। बुजुर्ग की उम्र, आर्थिक स्थिति और परिवार की जिम्मेदारी को आधार बनाया गया। पहले काटी गई हिरासत को सजा मान लिया गया। पुलिस ने 24 मार्च 2020 को गश्त के दौरान कार्रवाई की थी। गांव जंडवाला बिश्नोइयां में श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति थैला लेकर आ रहा था। पुलिस की गाड़ी देखकर उसने भागने का प्रयास किया था। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया था। पूछताछ में उसकी पहचान जगदीश के रूप में हुई थी। कोर्ट ने उसे 24 मार्च 2020 से 14 मई 2020 तक की हिरासत अवधि के बराबर सजा सुनाई।