संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। डबवाली के सरकारी अस्पताल के सर्जिकल वार्ड में कार्यरत एक स्टाफ नर्स ने मानसिक परेशानी के चलते आत्महत्या करने का प्रयास किया। नर्स ने सर्जिकल ब्लेड से अपने हाथ पर कट लगाने का प्रयास किया तो साथी नर्सों ने उसे पकड़ लिया। इस मामले में एसएमओ ने नर्स को लंबे छुट्टी पर भेजने के आदेश जारी कर दिए। जब तक नर्स की मानसिक स्थिति दुरुस्त नहीं होती है, तब तक वह अवकाश पर रहेगी।
वीरवार दोपहर को सर्जिकल वार्ड में कार्यरत नर्स ने पारिवारिक परेशानी चलते हुए सर्जिकल ब्लेड के साथ हाथ की नस काटने का प्रयास किया। साथी स्टाफ ने उसे रोका तो नर्स फूट फूट कर रोने लगी और दूसरे जगह ड्यूटी लगाने की गुहार लगाई। ऐसे में सारा अस्पताल प्रशासन वहां पर जमा हो गया और नर्स के परिजनों को बुलाया गया। नर्स के पति व अन्य परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और नर्स को अपने साथ ले गए। जानकारी के अनुसार शिकायत होने के बाद नर्स को लेबर रूम से हटाकर सर्जिकल वार्ड में तैनात किया गया था।
:::::::::::::::::::::::::::::::::
मानसिक रूप से स्वस्थ होने के बाद बोर्ड लेगा निर्णय
मानसिक रूप से अस्वस्थ होने वाले कर्मचारी को दोबारा ड्यूटी पर आने के लिए बोर्ड में अपने स्वस्थ होने का प्रमाण देने होते है। बोर्ड में साइकोलॉजिस्ट व अन्य सदस्य होते हैं, जो मानसिक स्वास्थ्य को जांचते है। यदि कर्मचारी मानसिक तौर पर सही नहीं पाया जाता है तो उसे अवकाश पर ही रखा जाता है।
:::::::::::::::::::::::::::::::::
नर्स पारिवारिक कारणों के चलते मानसिक रूप से परेशान थी। उसके परिजनों को बुलाकर उसे घर भेज दिया गया था। साथ ही जब तक वह मानसिक तौर पर स्वस्थ नहीं होती है, छुट्टी पर रहेगी। स्वस्थ होने के बाद बोर्ड आगामी निर्णय करेगा। - डाॅ. सुखवंत सिंह, एसएमओ, डबवाली।