चयनित परिवारों और कारोबारियों से जुटाएगा जानकारी
- प्रवासन, आय, रोजगार, कर्ज-निवेश और गैर-निगमित उद्यमों से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) अक्तूबर के दौरान जिले में छह अलग-अलग सर्वेक्षण करेगा। इन सर्वेक्षणों के माध्यम से एनएसओ के अधिकारी चयनित परिवारों और प्रतिष्ठानों से जानकारी जुटाएंगे।
इसका उद्देश्य प्रवासन, घरेलू आय, रोजगार, कर्ज, निवेश और कारोबार से जुड़े आंकड़े एकत्र करना है। एनएसओ का क्षेत्र संकार्य प्रभाग (एफओडी) इन सर्वेक्षणों का संचालन करेगा। अक्तूबर में बग्गुवाली और सिरसा में प्रवासन संबंधी सर्वेक्षण होंगे।
कोटली और मिट्ठी सुरेरा में राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण किया जाएगा। कर्मशाना और सिरसा में गैर-निगमित क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई) होगा। असीर, भावदीन और ऐलनाबाद में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण आयोजित किया जाएगा।
केशुपुरा, लक्कड़ांवाली, ऐलनाबाद और सिरसा में ऋण व निवेश सर्वेक्षण होगा। इसके साथ ही केशुपुरा और लक्कड़ांवाली में स्थिति आकलन सर्वेक्षण भी किया जाएगा।
जानकारी की गोपनीयता रखी जाएगी
एनएसओ ने स्पष्ट किया है कि सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी गोपनीय रखी जाएगी। किसी भी रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़े में संबंधित परिवार या प्रतिष्ठान की पहचान उजागर नहीं की जाएगी। इस जानकारी का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होगा। यह डेटा विभिन्न योजनाओं और नीतियों के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा। इसका लक्ष्य वास्तविक स्थिति को सही तरीके से सामने रखना है।
सहयोग की अपील की
एनएसओ ने चयनित परिवारों और उद्यमियों से सहयोग की अपील की है। सर्वेक्षण अधिकारियों को सही और पूरी जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। यह सहयोग जिले से जुटाए गए आंकड़ों को अधिक सटीक बनाएगा। इन सर्वेक्षणों से मिलने वाले आंकड़े देश और राज्यों में महत्वपूर्ण योजनाओं तथा नीतियों के निर्माण के लिए इस्तेमाल होते हैं। इसलिए, सटीक जानकारी देना अत्यंत महत्वपूर्ण है।