नये बनाए स्टोर में लाइटों की गणना करते कर्मचारी।
सिरसा। शहर की स्ट्रीट लाइट्स का स्टॉक जांचने के लिए एडीसी लक्षित सरीन वीरवार को देर शाम नगर परिषद कार्यालय पहुंचे। उन्होंने स्ट्रीट लाइट्स के स्टोर को देखा, तो वहां पर गणना करना संभव नहीं था। ऐसे में उन्होंने स्ट्रीट लाइट्स के स्टॉक को बड़े कमरे में शिफ्ट करवाने का आदेश दिया था। इसके बाद शुक्रवार को इंजीनियरिंग ब्रांच ने हॉल में सभी स्ट्रीट लाइट्स तरीके से रखवा दी, ताकि उनकी जांच की जा सके।
ये लाइट्स अब इंजीनियर की निगरानी में रखी गई हैं। 11 नवंबर को एडीसी इन लाइट्स की जांच करेंगे। जानकारी के अनुसार, रानियां के एक व्यक्ति की ओर से पूर्व चेयरमैन के समय स्ट्रीट लाइट के लिए घोटाले की शिकायत की गई थी। उसमें कहा गया था कि मौजूदा समय में स्ट्रीट लाइट्स लगाने में गड़बड़ी की जा रही है, इसकी जांच की जाए। इसी मामले में एडीसी जांच करने के लिए वीरवार को नगर परिषद आए थे, ताकि वह अपनी रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेज सकें। लेकिन स्टोर छोटा होने के कारण गणना करना और जांच करना संभव नहीं हो पाया। ऐसे में स्टोर को बदला गया।
शहर में लगी छह हजार से ज्यादा लाइट्स
आंकड़ों के अनुसार नगर परिषद ने 12,572 स्ट्रीट लाइट अब तक खरीदी है। इनमें से 6000 से ज्यादा लाइट शहर में लगाई गई है। 5039 लाइट अभी स्टॉक में पड़ी हैं। इनमें कुछ लाइट सही तरह से काम नहीं कर रही थी। उन्हें बदलवाने के लिए अलग रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार 45, 60, 75 व 120 वाट की लाइट स्टॉक में है।
स्ट्रीट लाइट का स्टॉक जांचने के लिए एडीसी आए थे। स्ट्रीट लाइट की रानियां के व्यक्ति की शिकायत थी, इस वजह से स्टॉक की जांच कर रही है। स्टोर में व्यवस्थित तरीके से लाइट नहीं थी। सभी को व्यवस्थित किया गया, ताकि उनकी गणना हो सके।
- सुरेंद्र बैनीवाल, जिला नगर आयुक्त, सिरसा