विश्वविद्यालय नाम का ही विश्वविद्यालय न रहे, बल्कि इसमें विश्व भर से विद्यार्थी दाखिला लें, इसके लिए सीडीएलयू ने विशेष प्लान तैयार किया है। इस बार चौ. देवीलाल यूनिवर्सिटी ने विभिन्न देशों के विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त सीटें निर्धारित की हैं। विदेशी विद्यार्थियों की जानकारी के लिए पूरा विवरण सीडीएलयू की वेबसाइट पर लोड कर दिया गया है। विदेशी विद्यार्थियों को दो श्रेणी में विभाजित किया गया है।
अब सीडीएलयू में हरियाणा व अन्य प्रदेशों के ही नहीं बल्कि विदेशी स्टूडेंट भी दिखाई देंगे। विश्वविद्यालय में विश्व भर की संस्कृति को एक-दूसरे से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। इससे पहले हरियाणा व आसपास क्षेत्र के विद्यार्थी ही यहां पर दाखिले लेते थे। सीडीएलयू के डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर डॉ. विक्रम सिंह ने बताया कि सभी कोर्सों में कुल सीटों के बाद 15 प्रतिशत सीटें विदेशी विद्यार्थियों के लिए सृजित की गई हैं। उन्होंने बताया कि इसको दो श्रेणी में बांटा गया है। 10 प्रतिशत अतिरिक्त सीटों पर विदेशी विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे जबकि पांच प्रतिशत सीटों पर दक्षिण-पूर्वी एशिया में काम करने वाले भारतीय मूल के लोगाें के बच्चों को दाखिला दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दाखिले पूर्व उन्हें विदेश मंत्रालय या उच्च शिक्षा विभाग की ओर से एनओसी लेना होगा।
विदेशी विद्यार्थियों का दाखिला प्रोविजनल नहीं होगा बल्कि सभी कागजात जांच करने के बाद स्थायी दाखिला ही दिया जाएगा। इनके दाखिले से संबंधी रजिस्ट्रेशन एंड स्कॉलर ब्रांच विदेशी विद्यार्थियों के कागजों की जांच करेगी। डॉ. विक्रम ने बताया कि दाखिले संबंधी जानकारी के लिए किसी भी देश का विद्यार्थी सीडीएलयू की वेबसाइट पर देख सकता है। उन्होंने बताया कि दाखिलों से संबंधित पूरी जानकारी वेबसाइट पर लोड कर दी गई है। सीडीएलयू में ऐसा पहली बार हो रहा है कि विदेशी विद्यार्थियों को दाखिले की व्यवस्था कली गई है।