सिरसा। लघु सचिवालय के मुख्य सभागार में मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त विरेंद्र सहरावत ने जिला सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक की। इसमें उन्होंने पूर्व में हुई बैठक के कार्यों की समीक्षा की। एडीसी ने भुर्टवाला के समीप पुल की सुरक्षा दीवार न होने पर एडीसी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
एडीसी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, जहां भी सड़क में जो खामियां हैं, उन्हें दुरुस्त किया जाना चाहिए। पुलिस दुर्घटना स्थल पर मिलने वाली खामियों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल अवगत करवाएं, ताकि समय रहते उस पर कार्रवाई हो और यदि कोई विभाग देरी करता है तो उसे नोटिस जारी किया जाना चाहिए।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सिंचाई विभाग के अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि विभिन्न मार्गों पर उनके पुल या पुलिया क्षतिग्रस्त न हो, उन पर साइनेज लगे होने चाहिए और सुरक्षा दीवार भी बनी होनी चाहिए। सड़क पर जलभराव होने की वजह से कई जगह सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और दुर्घटना का भी खतरा है। इसलिए सड़क पर जलभराव न होने दें और संबंधित विभाग व पंचायत कार्य करें।
बैठक में आरटीए संजय बिश्रोई, एसडीएम राजेंद्र कुमार, डीडीपीओ बलजीत सिंह, डीएसपी संजीव कुमार, जिला वन अधिकारी सतीश कुमार, जीएम रोडवेज अनीत कुमार, डीपीसी सुभाष कुमार, डिप्टी सीएमओ संदीप सिंह, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता गौरव भारद्वाज, बिजली निगम के एक्सईएन जीत राम, पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन कंवलजीत सिंह, नगर पालिका ऐलनाबाद के सचिव रविंद्र सिंह, एनएचआई से सुमित सुथार मौजूद रहे। बैठक में एसडीएम डबवाली अर्पित संगल व एसडीएम ऐलनाबाद पारस भागोरिया ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
एडीसी ने यह दिए आदेश
- माखा से खोखर रोड पर मौजगढ़ माइनर पर पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के मामले में कहा कि इस पर तत्काल कार्रवाई करें। पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश दिए कि इस पुलिया पर साइनेज व दीवार तुरंत बनवा दें, ताकि कोई दुर्घटना न हो।
- रोड़ी रोड पर कालांवाली के फ्लाइओवर के समीप गति अवरोधक व कैट आइज लगाए जाएं।
- गांव तारुआना में चौक पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं।
- गांव टप्पी के बस स्टैंड के समीप साइन बोर्ड व कैट आइज, पेड़ों की कटाई हो।
- सुखचैन रोड व ओढां-कालांवाली रोड पर स्कूल के समीप साइन बोर्ड लगाया जाए।
- मिठड़ी बस स्टैंड पर कैट आइज व जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाए।
-
टोल प्लाजा पर शौचालयों की हालत दुरुस्त होनी अनिवार्य
अतिरिक्त उपायुक्त ने जनसुविधाओं पर कहा कि सिरसा में भावदीन और खुइयां मलकाना में टोल प्लाजा बने हुए हैं, यहां के शौचालय के हालात सही होने चाहिए। एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि खुईयांमलकाना टोल के शौचालय को दुरुस्त कर दिया गया है और भावदीन टोल के शौचालय को भी जल्द ठीक कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि टोल पर शौचालय, पीने के पानी व बिजली की व्यवस्था सुचारू हो और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
स्कूल बसों की निरीक्षण के तहत करें जांच
एडीसी ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आपसी तालमेल से काम करना जरूरी है। जिस क्षेत्र में अधिक सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं, वहां की सड़क की खामियों को चिन्हित किया जाना जरूरी है। बैठक में सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी पर भी विचार-विमर्श किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि स्कूल बसों की लगातार जांच की जाए और यह जांच औचक की जानी चाहिए। जिन स्कूल बसों में खामियां नजर आती हैं, उन बसों पर कार्रवाई की जाए। आरटीए की ओर से बताया कि गया कि इस माह खामियां पाए जाने पर 10 स्कूल बसों का चालान किया गया है।