सिरसा। नगर परिषद की मेला ग्राउंड देवीलाल टाउनशिप की जमीन पर कब्जा करने वालों पर अब पीला पंजा चलेगा। सरकारी जमीन की पैमाइश के बाद बेगू रोड से रंगडी रोड पर 28 लोगों ने दुकान, मकान बनाए हैं। हाल ही में नगर परिषद ने नोटिस जारी किए थे।
नोटिस जारी होने के बाद प्लॉट व दुकान मालिक परिषद कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उन्हें बस यही जवाब मिल रहा है कि पीला पंजा चलेगा। कॉलोनाइजर पांच एकड़ भूमि पर प्लॉट काटकर पैसे लेकर जा चुका है। वहीं, अब आमजन व दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ेगा।
विज्ञापन
पांच एकड़ भूमि में प्लॉट मालिक ने सड़क की जमीन तक को बेच डाला। प्लॉट लेने वालों को भनक तक नहीं लगने दी कि उन्हें जो लोकेशन दी जा रही है। वह सरकार की जमीन की है और यहां पर टाउनशिप बननी है। अब इन प्लॉट को खरीदने वाले लोग भूमि काटने वाले मालिक के खिलाफ बिगुल बजाने की योजना बना रहे हैं।
दूसरी ओर योजना के क्षेत्र में पीछे की तरफ बसी झुग्गियों को हटाने की कार्रवाई होगी। इसको लेकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मांग हुई है। पुलिस बल के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा। इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने प्लॉटों की जमीन पर अस्थायी कब्जा किया हुआ है। उन्हें भी हटाया जाएगा।