सिरसा। दो दिन पहले ओलावृष्टि होने के बाद भी अब तक मौसम पूरी तरह से साफ नहीं हो पाया है। शनिवार देर रात को जिले के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी होने के कारण किसानों की फिर से धड़कने बढ़ना शुरू हो गई। वहीं अब रात के समय तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार 30 मार्च को भी जिले में तेज बारिश होने की आशंका जताई जा रही है।
रविवार सुबह बादल छाने के कारण दिनभर किसानों की चिंता भी बढ़ती रही। दिनभर कभी धूप तो कभी छांव की स्थिति बनी रही। रविवार को अधिकतम तापमान 28 व न्यूनतम तापमान 18 डिग्री दर्ज किया गया है। बारिश व ओलावृष्टि के बाद तापमान में भी पहले से गिरावट देखने को मिली है।
मौसम विशेषज्ञ के अनुसार दो दिन तक मौसम साफ रहेगा और इसके पश्चात 30 मार्च को बारिश होने की संभावना है। जिसके कारण किसानों की तैयार हुई फसलों पर अभी भी खतरा कम नहीं हुआ है। अगर जिले में अब बारिश होती है तो फसलों में नुकसान होगा। वहीं बीते दो दिन पहले हुई ओलावृष्टि के कारण किसानों को इसका भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
सोमवार तक किसान बीमा क्लेम व मुआवजे के लिए जमा करवा सकते है फार्म
दो दिन पहले जिले के 80 गांवों में ओलावृष्टि हुई थी। किसान सोमवार तक कृषि कल्याण विभाग कार्यालय में बीमा क्लेम के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिसके पश्चात कृषि विभाग की टीमें सर्वे कर मुआवजे संबंधित रिपोर्ट मुख्यालय में भेजेगी। शनिवार और रविवार होने के चलते जिले में अभी नाम मात्र ही किसान फार्म जमा करवा पाए हैं। वहीं जिन किसानों की ओर से बीमा नहीं करवाया गया है वह किसान क्षतिपूर्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर अपने नुकसान की जानकारी दर्ज करवा सकते हैं। जिसके चलते सरकार की ओर से उन्हें मुआवजा व बीमा क्लेम दिए जाने की उम्मीद है।
तीन दिन तक छाए रहेंगे बादल, 30 को बारिश की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी होने की भी आशंका है। जिसके पश्चात 30 मार्च को तेज हवा के साथ बारिश होने की आशंका है। अप्रैल माह में भी मौसम इसी तरह से खराब रहने की संभावना है। जिसके कारण किसानों को अभी राहत मिलते हुए नजर नहीं आ रही है। जिले में कई क्षेत्रों में अभी किसान सरसों की कटाई का काम रहे हैं। ऐसे में उन किसानों को भी सचेत रहने की आवश्यकता है। ताकि वह अपनी फसल को मौसम की मार से बचा सके ।