साथी कर्मचारियों ने बूस्टिंग स्टेशन परिसर के अंदर दिया धरना, दिन भर चलता रहा मनाने का दौर
एनएचएम कर्मचारियों ने दो टूक जवाब- जब सरकार मांग पूरा नहीं करती, तब तक टंकी से नहीं उतरेंगे
फोटो : 10 से 14
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा।
नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारियों ने 10 दिन की हड़ताल के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होने पर नया कदम उठाया। रविवाद देर रात दो बजे चार कर्मचारी लघु सचिवालय परिसर में 150 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गए, जबकि अन्य कर्मचारी बूस्टिंग स्टेशन परिसर में धरने पर बैठ गए। सोमवार को दिन भर कर्मचारियों को मनाने का दौर चलता रहा। मौके पर पहुंचे एसडीएम राजेंद्र जांगड़ा व डीएसपी हेड क्वार्टर सुभाष चंद्र को एनएचएम कर्मचारियों ने दो टूक जवाब दिया कि जब सरकार उनकी मांग पूरा नहीं करती, तब तक वह टंकी से नहीं उतरेंगे।
एनएचएम कर्मचारी एसोसिएशन की हड़ताल के 11वें दिन जिला प्रधान कुंदन गावडिया, विकास कुमार, कृष्ण कुमार व चंद्रकांत टंकी पर चढ़ गए। सभी कर्मचारी अपने साथ गद्दे, पीने का पानी व अन्य सामान लेकर गए थे। इनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया वायरल हुआ है। इसमें जिला प्रधान कुंदन गावडिया ने कहा कि दस दिनों से प्रदेश में 16 हजार कर्मचारी हड़ताल कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुध नहीं ले रही। मजबूरन उन्हें यह कदम कर्मचारियों को उठाना पड़ा है। जब तक सरकार कर्मचारियों को पक्का नहीं करेगी, तब तक वे टंकी पर बैठकर ही आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं, कर्मचारियों के धरने की सूचना मिलने पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अप्रिय घटना को रोकने के लिए दमकल की दो गाड़ियां और एंबुलेंस को तैनात किया गया।
मौके पर पहुंचे एसडीएम राजेंद्र ने कर्मचारियों से कहा कि बिना अनुमति पानी की टंकी पर चढ़ना अपराध है। आपकी मांगों से जुड़ा हुआ मांग पत्र ले लिया गया था और उसे मुख्यालय भेज दिया गया है। आपके बारे में सरकार जरूर सोचेगी अच्छा ही होगा। आपने साथियों से कहिये कि वह नीचे आ जाए।
कर्मचारियों ने कहा कि जब तक हमारी मांग नहीं मानी जाती, तब तक कोई नीचे नहीं आएगा। एसडीएम ने कहा कि आपकी बैठक सरकार के साथ होनी है। कर्मचारियों ने कहा कि इसकी कोई जानकारी नहीं है। यदि उन्हें बात करनी है, तो हम तैयार हैं।
डीएसपी ने कहा कि क्या आप लोगों ने उनके परिजनों को सूचित कर दिया है या नहीं।
कर्मचारियों ने कहा कि हम ही उनका परिवार है।
डीएसपी ने कहा कि आप परिवार है। अच्छी बात है, लेकिन आप उनके परिजनों को सूचित कर दें। कल को कोई हादसा होता है तो आप लोग ही जिम्मेदार होंगे।
कर्मचारियों ने कहा कि उनके जिला प्रधान ही टंकी पर बैठे हैं।
डीएसपी ने कहा कि अंबाला में भी ऐसे ही कर्मचारी टंकी पर चढ़े थे। उस दौरान हादसा हो गया था और कर्मचारी के परिवार ने यूनियन के कर्मचारियों पर ही मामला दर्ज करवाया था। आपके साथ ऐसा न हो। इसलिए परिजनों को सूचित जरूर कर दे।
कर्मचारियों ने कहा कि हम उन्हें सूचित कर देंगे।
अब दिन-रात जारी रहेगा धरना
कर्मचारियों ने कहा कि जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाएगी। हमारा धरना जारी रहेगा। दिन रात कर्मचारी धरने पर रहेंगे। प्रशासन की ओर से कोई सख्ती की जाएगी तो कर्मचारियों को आंदोलन को तेज करना पड़ेगा।
इन संगठनों ने दिया समर्थन
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला अध्यक्ष मदन लाल खोथ, ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ प्रधान सोनू, किसान यूनियन के जिला प्रधान जसकरण सिंह, भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी भूपेंद्र वैदवाल, इनेलो नेता गोकुल सेतिया आदि ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों के धरने का समर्थन दिया।