कोरोना वायरस को लेकर लोग सतर्क होते जा रहे हैं। इसी की मिसाल शनिवार को एक नवविवाहित जोड़े ने घर जाने से पहले अस्पताल में आकर कोरोना जांच करवाकर दी। बुर्जभंगु के रहने वाले सोमदत्त की शनिवार को पंजाब में शादी हुई, जो अपनी पत्नी वीरपाल को लेकर सीधे सामान्य अस्पताल जांच के लिए पहुंच गए।
जिले के गांव बुर्जभंगु का रहने वाले युवक सोमदत्त की शनिवार को पंजाब की सिक्खावाली ढ़ाणी में वीरपाल के साथ शादी हुई । दोपहर बाद जब शादी कर अपने घर लौट रहा था तो सोमदत्त ने चालक को कहा कि वह गाड़ी सिविल अस्पताल ले जाएं। जिसको सुनकर चालक और साथ मौजूद एक रिश्तेदार को अचंभा हुआ और अस्पताल में जाने का कारण पूछा तो बताया कि वह कोरोना संक्रमण के चलते अपनी और अपनी पत्नी की जांच करवाना चाहता है। वहीं सिविल अस्पताल पहुंच नव जोड़े ने कोरोना जांच करवाई और अपने गांव बुर्जभंगु के लिए रवाना हो गया। चारों तरफ इनकी इस पहल की चर्चा हो रही है।