सिरसा। एनसीसी विंग रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंची छात्राएं। प्रवक्ता।
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में कुलपति प्रोफेसर विजय कुमार के निर्देशन में एनसीसी आर्मी विंग गर्ल्स की नई नामांकन प्रक्रिया आयोजित की गई। इस अवसर पर तीन हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी, हिसार से सूबेदार निरपाल तथा हवलदार रवि शंकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कैडेट्स का निरीक्षण किया और पूरी प्रक्रिया की देखरेख की।
भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों में सम्पन्न हुई। सबसे पहले शारीरिक दक्षता परीक्षण में दौड़ और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की शारीरिक क्षमता को परखा गया। इसके बाद चिकित्सीय जांच के द्वारा स्वास्थ्य संबंधी योग्यताओं की जांच की गई। अंत में लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाया गया।
विश्वविद्यालय की ओर से एनसीसी केयर टेकर ऑफिसर प्रो. रचना अहलावत तथा एनसीसी इंस्ट्रक्टर सोनिका पूरी प्रक्रिया के दौरान मौजूद रही और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर सभी एनसीसी कैडेट्स भी उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय के 50 स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने इस नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया, जिससे विद्यार्थियों के अनुशासन, देशभक्ति तथा समाजसेवा के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट दिखाई दी।