36.25 ग्राम नशीली गोलियों का पाउडर बरामद, 2 जून को झगड़े के मामले में जेल पहुंचा था बंदी
3 बंदियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला जेल में एक बंदी के कब्जे से काफी मात्रा में नशीली गोलियों का पाउडर बरामद हुआ है। आरोपी बंदी ने जेल कर्मचारियों को चकमा देने के लिए पाउडर को टेप में लपेटकर अपने गुदा में छिपा रखा था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर तीन बंदियों के खिलाफ मादक पदार्थ और जेल अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
जेल उप अधीक्षक दिनेश कुमार के अनुसार गांव कमाल निवासी लखबीर सिंह को 2 जून 2026 को एक झगड़े के मामले में जिला जेल लाया गया था। 4 जून को जेल कर्मचारियों को सूचना मिली कि उसके पास कोई प्रतिबंधित वस्तु है।
सूचना के आधार पर जेल वार्डर सुरेंद्र सिंह, सूबे सिंह व बलबीर सिंह ने बैरक नंबर चार में पहुंचकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान लखबीर सिंह के अंडरवियर से काले रंग की टेप बरामद हुई। टेप को खोलने पर उसमें से 36.25 ग्राम पाउडर मिला।
पूछताछ में लखबीर सिंह ने बताया कि उसने नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित गोलियों को पीसकर यह पाउडर तैयार किया था। उसने बताया कि यह पाउडर जेल में बंद रामकुमार निवासी गांव चौटाला और संदीप निवासी गांव गदराना को देना था।
आरोपी ने स्वीकार किया कि जेल में प्रवेश के समय तलाशी से बचने के लिए उसने पाउडर को टेप में भरकर अपने गुदा में छिपा लिया था। जांच अधिकारी शंभू सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। तीनों आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जाएगा।