नगर परिषद वार्ड 16 की भाजपा पार्षद शीला सहगल को मंगलवार को परिषद के प्रशासक एवं चुनाव अधिकारी रहे एसडीएम परमजीत सिंह चहल ने परिषद कार्यालय में कार्यभार सौंपा और कुर्सी पर बैठाते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
भाजपा अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रो. गणेशी लाल ने सहगल को पदभार संभालते ही फूल भेंट करते हुए कहा कि पीएम मोदी गरीब परिवार से उठकर अपने संघर्ष की बदौलत देश के प्रधानमंत्री बने। भाजपा ने सिरसा से एक काबिल सेवाभाव रखने वाली गरीब परिवार की महिला को अध्यक्ष बनाकर दिखा दिया कि भाजपा का छोटे से छोटा कार्यकर्ता भी ऊंचे से ऊंचे पद पर पहुंचता है।
नगर परिषद की नव निर्वाचित अध्यक्षा शीला सहगल निर्धारित समय पर मंगलवार सुबह साढे़ 10 बजे भाजपा नेता एवं पंजाबी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सेतिया, भाजपा अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री प्रो. गणेशी लाल, सुनीता सेतिया, भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह, परिषद के पूर्व चेयरमैन पवन डिंगवाला, ओमप्रकाश सेठी, सुखविंद्र कौर गिल और परिजनों के साथ पहुंची।
यहां पर उनका कर्मचारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। एसडीएम परमजीत सिंह चहल ने कागजी औपचारिकताएं पूरी करते हुए उन्हें कार्यभार ग्रहण करवाया, साथ ही अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया। इसके बाद उन्हें बुके देने का सिलसिला शुरू हो गया।
पूर्व में हुए घोटालों की करवाई जाएगी जांच
इस मौके पर शीला सहगल ने कहा कि परिषद के सभी वार्ड पार्षदों को साथ लेकर ही नगर का विकास करवाया जाएगा। जो कार्य अधूरे हैं, पहले उन्हें पूरा करवाया जाएगा। किसी भी वार्ड के साथ कोई भेदभाव नहीं होगा।
सफाई अभियान पर पूरा ध्यान दिया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पूर्व में जो भी घोटाले हुए हैं, उनकी जांच करवाकर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो सम्मान जनता ने उन्हें दिया है, वह उसे सूद सहित लौटाने का प्रयास करेंगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि शहर को सुंदर और विकसित बनाने में सहयोग दें। जन सहयोग के बिना कुछ भी कर पाना उनके लिए असंभव है। उन्होंने भाजपा हाईकमान, नगर परिषद सदस्यों, कार्यकर्ताओं को इस पद के लायक समझने पर धन्यवाद दिया।
सीएम की नीतियों पर जताया भरोसा
भाजपा के मजबूत धड़े के नेता एवं पंजाबी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल सेतिया ने कहा कि सिरसा की जनता ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल की विकास नीतियों पर मुहर लगाते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान किया। सिरसा के लोगों के आशीर्वाद से आज यह ऐतिहासिक दिन आया है कि हिंदुस्तान आजाद होने के बाद सिरसा में पहली बार भाजपा की शीला सहगल ने शहर की सरकार के अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया है। उन्होंने कहा कि जनता ने मुख्यमंत्री की विकास नीतियों पर जो विश्वास जताया है, हम उसे कभी ठेस नहीं पहुंचने देंगे।
पूर्व अध्यक्षों ने भी दिया आशीर्वाद
पूर्व में विधानसभा प्रत्याशी रही सुनीता सेतिया ने कहा कि पहले लोगों ने ओमप्रकाश सेठी, फिर सुखविंद्र कौर गिल, पवन डिंगवाला के रूप में अध्यक्ष दिया। आज लोगों ने उस परीक्षा में भी उन्हें सफल कर शीला सहगल को प्रधान बना दिया।
इस अहसान को कभी भुला नहीं पाएंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष गुरदेव सिंह राही, अमन चोपड़ा, मनीष सिंगला, सुरेंद्र नेहरा, पूर्व जिलाध्यक्ष अमीरचंद मेहता, सतपाल मेहता, रोहताश जांगड़ा, पार्षद सुनीता गोदारा, सुनील बहल, सुमन शर्मा, संगीता सचदेवा, रेखा सुखरालिया, जश्न इन्सां, नारायण पाल, कौशल्या वर्मा, सुदेश डावर, वैशाली रातुसरिया, जगजीत कंबोज, विकास गुज्जर, सुमन लता बमनिया, ज्ञान देवी, रेणु बाला, ममता सैनी, अमित सोनी, महावीर आदि उपस्थित थे।
मुझे बुलाया ही नहीं और न ही कोई सूचना दी
नगर परिषद के उपाध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता रणधीर सिंह की गैरहाजिरी चर्चा का विषय रही। जब उनसे फोन पर इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है, न ही उन्हें कोई सूचना दी गई और न ही उन्हें बुलाया गया।
उन्होंने बताया कि सुबह अखबारों में पढ़कर ही पता चला कि अध्यक्ष कार्यभार ग्रहण करेंगी। उन्होंने बताया कि न बुलाने के पीछे क्या मंशा हो सकती है, उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उधर, एसडीएम परमजीत सिंह चहल ने बताया कि 22 दिसंबर को अध्यक्ष के नाम की ही अधिसूचना जारी की गई थी और उसी दिन अध्यक्ष को पत्र लिखकर उन्हें 27 दिसंबर को कार्यभार ग्रहण करवाने के बारे में सूचना देकर बुलाया गया। इसके तहत अध्यक्ष को केवल कार्यभार ग्रहण करवाया जाता है, गोपनीयता की शपथ सभी पार्षदों को पहले ही दिलाई जा चुकी है।