रबी फसल की खरीद के लिए केंद्र सरकार के निर्देशानुसार मंडी विपणन बोर्ड ने नया शेड्यूल जारी किया है। जिसके तहत 15 अप्रैल से सरसों की खरीद शुरू की जाएगी तथा गेहूं की खरीद 20 अप्रैल से शुरू की जाएगी।
विभाग द्वारा जारी नए शेड्यूल के बारे में मार्केटिंग बोर्ड के सचिव चरणजीत सिंह गिल ने बताया कि प्रदेश सरकार ने कोरोनावायरस के दौरान किए गए लॉकडाउन को मध्य नजर रखते हुए 100 किसानों की बजाए प्रतिदिन 50 किसानों की फसल खरीदने का निर्णय लरिया है जिसके अनुसार सुबह 6 से 2 बजे तक 25 किसानों की फसल खरीदी जाएगी। दूसरी शिफ्ट में 2:30 से 6 बजे तक खरीदी जाएगी। सचिव ने बताया कि कोरोनावायरस के दौरान सोशल डिस्टेंस अति अनिवार्य है जिसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने प्रतिदिन 50 किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए मंडी में आने के लिए अनुमति दी है। जिसमें प्रातकाल 25 किसान और दोपहर बाद 25 किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए आना होगा। इससे अतिरिक्त किसानों की फसल नहीं खरीदी जा सकेगी। उन्होंने बताया कि किसानों को स्पेशल हिदायत जारी की गई है कि वे अपने मुंह पर मास्क लगाकर रखें तथा सोशल डिस्टेंस बनाए रखना अति आवश्यक है। उधर सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस बार किसानों को चिंतित होने की जरूरत नहीं है उनकी फसल का एक एक दाना सरकार खरीद करेगी जिसके लिए वचनबद्ध है।
किसान 19 तक करवाएं पंजीकरण
सिरसा। उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ान ने कहा कि किसान अपनी फसल को बेचने में जल्दबाजी न करें और प्रशासन द्वारा दिए गए निर्धारित समय पर ही अपनी फसल लेकर मंडी में आए। किसानों की फसल का एक-एक दाने को खरीदा जाएगा। किसान अपनी गेहूं की फसल का पंजीकरण ऑनलाइन अवश्य करवा लें ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने मेें किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो। लॉकडाउन की पालना के मद्देनजर फसल लेकर मंडी में आने वाले वाहन चालक और किसान प्रशासन की गाइड लाइन की अनुपालन करें तथा मुंह को मास्क या कपड़े से ढंक कर रखें। किसान मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग का भी विशेष ध्यान रखें। उपायुक्त बिढ़ान ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए गेहूं की फसल का पंजीकरण किया जा रहा है, ताकि उन्हें अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि पंजीकृत किसानों के मोबाइल नंबर पर सरसों खरीद से संबंधित मैसेज भेजा जाएगा, जिसमें सरसों बेचने हेतु संबंधित मंडी में दिन और समय दिया जाएगा तथा किसान निर्धारित दिन और समय पर मंडी में अपनी सरसों की फसल ला सकेगा। उन्होंने बताया कि गेहूं की खरीद केवल पंजीकृत किसानों से की जाएगी, इसलिए किसान 19 अप्रैल तक अपना पंजीकरण फसलएचआरवाईडॉटइन पोर्टल पर स्वयं या संबंधित सीएससी सेंटर से अवश्य करवा लें।
फसल खरीद के लिए जिला में बनाए 202 अस्थाई खरीद केंद
उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ान ने बताया कि जिला सिरसा में किसानों की फसल खरीद के लिए 57 अस्थाई खरीद केंद्र बनाए गए थे। किसानों की सुविधा के मद्देनजर 145 नए अस्थाई खरीद केंद्र और बनाए गए हैं। इन खरीद केंद्रों पर कोई अव्यवस्था न हो इसके लिए संबंधित एसडीएम इन खरीद केंद्रों की निगरानी करेंगे। इसके अलावा हर खरीद केंद्र पर एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है और लॉकडाउन की पालना के मद्देनजर पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया जाएगा।