सिरसा। शहर के बाजारों और मुख्य सड़कों से अतिक्रमण हटाने की जिम्मेदारी नगर परिषद प्रशासन की है। लेकिन नगर परिषद प्रशासन इस दिशा में काम करने के बजाय सोया हुआ है। प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम इस दिशा में नहीं उठाया गया है। जिसकी वजह से शहर भर में अतिक्रमण देखने को मिलता है और जाम की स्थिति बन जाती है। रात के समय आलम यह रहता है कि कई मुख्य सड़कों से आम आदमी दुपहिया वाहन लेकर भी नहीं गुजर सकता है। वहीं पुलिस प्रशासन दिन भर अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था बनाने में जुटा हुआ है। दो दिनों के अंदर पुलिस के आलाधिकारियों ने फील्ड में उतरकर 750 वाहनों के चालान काटे हैं।
बता दें कि शहर के बाजारों में अतिक्रमण पूरे साल बना रहता है। वहीं अब शहर के मुख्य मार्गों पर लोगों ने अतिक्रमण करना शुरू कर दिया है। आंबेडकर चौक से परशुराम चौक रोड के दोनों ओर दुकानदार व रेहड़ी वाला का अतिक्रमण है। जिसके कारण जाम लगता है। वहीं आंबेडकर चौक से लेकर अरोड़वंश चौक तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण है। राजकीय महिला कॉलेज से लेकर भूमणशाह चौक तक जाम की स्थिति देखने को मिलती है।
-
पुलिस प्रशासन के साथ मंगलवार को नगर परिषद की टीम भी मौजूद थी। नगर परिषद की ओर से नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने को लेकर कार्रवाई की जाएगी। पार्किंग की जगह पर काउंटर आदि लगाकर अतिक्रमण करने वालों के सामान जब्त किए जाएंगे।
-जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद