सिरसा। शहर में सफाई करते हुए कर्मचारी। सूचना विभाग
सिरसा। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के तहत जिले के शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में नगर परिषद और नगर पालिका की टीमें जुट गई हैं। कहीं व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है तो कहीं पर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सड़क से लेकर बाजारों तक, पार्कों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर साफ-सफाई और पौधारोपण किया जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत भी शहर की सफाई व्यवस्था को जांचने और टीम का हौसला बढ़ाने के लिए फील्ड में उतरे। रविवार को कई जगह टीम बारिश के समय भी सफाई अभियान में डटी दिखाई दी। वहीं एडीसी ने भी बारिश के समय कई स्थानों का दौरा किया। सिरसा के अलावा मंडी डबवाली, कालांवाली, रानियां और ऐलनाबाद क्षेत्रों में सफाई अभियान जोरों से चलाया गया।
मंडी डबवाली में रिहायशी इलाकों सहित विभिन्न बाजारों में सफाई अभियान चलाया गया। इसी तरह सिरसा शहर की संत नगर कॉलोनी, कीर्ति नगर, अग्रसेन कॉलोनी, हुडा सेक्टर और खन्ना कॉलोनी में सफाई करते कर्मचारी नजर आए। एडीसी ने केलनिया स्थित एसटीपी का भी दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सफाई कर्मियों ने एकत्रित किया कचरा
एडीसी वीरेंद्र सहरावत ने बताया कि नगर परिषद की टीमों की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाना है। सफाईकर्मियों ने सुबह से ही सड़कों, गलियों और खाली स्थलों से कूड़ा-कचरा एकत्रित किया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने दुकानदारों व स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाईकर्मियों के प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है। अभियान के तहत दुकानदारों को विशेष रूप से यह कहा गया कि वे बाजार में कचरा न फैलाएं और ग्राहकों को भी साफ-सुथरा माहौल उपलब्ध करवाने में सहयोग दें।