नगर परिषद की हाउस बैठक के दौरान भाजपा व निर्दलीय पार्षदों ने अपने वार्डों में विकास कार्य न होने का मुद्दा उठाया। पार्षदों ने विधायक गोपाल कांडा द्वारा रखी गई 83 गलियों व भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य देवीलाल द्वारा दी गई 41 गलियों को स्वीकृत करने पर आपत्तियां जताई।
सोमवार शाम को नगर परिषद सिरसा में हाउस की बैठक हुई। चेयरपर्सन रीना सेठी व उपप्रधान रणधीर सिंह की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान नगर परिषद के बाहर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। इस दौरान पुलिस कर्मी किसानों के प्रदर्शन को लेकर भी चौकन्ना रहे। बैठक के शुरूआत में ही पार्षदों ने सामान निकास न होने के आरोप लगा दिए। जिसके पश्चात बहस शुरू हो गई। वार्ड नौ के पार्षद सुनील सहारण ने उनके वार्ड में चेयरपर्सन व गोबिंद कांडा द्वारा गलियों के उद्घाटन किए जाने पर आपत्ति जताई। सुनील ने कहा कि वे 25 सालों से वार्ड में पार्षद बन रहे हैं, उन्होंने कभी गलियों में उद्घाटन के नारियल नहीं फोड़े।
पार्षद सुनील बहल ने भी गोबिंद कांडा द्वारा उद्घाटन करने पर आपत्ति जताई। वार्ड 15 के पार्षद विकास जैन व 25 के पार्षद विकास गुज्जर ने भी विकास के मुद्दे पर खुलकर बात रखी। 28 की पार्षद सुमन लत्ता ने अपने वार्ड में मंजूर गलियों के निर्माण करवाने की बात कहीं। पार्षदों ने अधिकारियों की कोठियों पर ड्यूटी देने वाले सफाई कर्मियों के मुद्दे को भी उठाया। बलजीत कौर ने कहा कि उसके वार्ड में एक भी सफाई कर्मी नहीं है। पार्षद विकास जैन ने चेयरपर्सन की सरकारी गाड़ी को दूसरे लोगों के द्वारा इस्तेमाल किए जाने के मुद्दे को उठाया। चेयरपर्सन रीना सेठी ने कहा कि सभी वार्डों का समान विकास करवाया जाएगा। सभी पार्षद अपनी डिमांड रख सकते हैं। बैठक में नगर परिषद के ईओ सुरेंद्र कुमार, एक्सईएन अजय पंघाल, एकाउंटेंट सुरेंद्र अरोड़ा, सफाई निरीक्षक राजकुमार मौजूद रहे।
एक घंटा देरी से शुरू हुई बैठक, इन मुद्दों पर बनी सहमति
शाम तीन बजे शुरू होने वाली बैठक करीब चार बजे शुरू हुई और साढ़े पांच बजे तक चली। बैठक के एजेंड़े में आठ बिंदूओं पर चर्चा हुई, जिनमें अधिकतर पर सहमति बन गई। बरनाला रोड पर बाल भवन के निकट राजा सूरजमल चौक बनाने का प्रस्ताव रखा परंतु पार्षद सुमन शर्मा ने कहा कि वे यहां बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ चौक बनाना चाहती है। इनमें मुख्य रूप से मल्टी स्टोरी बिल्डिंग व शापिंग कांप्लेक्स के लिए पीएसयू स्कीम के तहत आइसीआइसीआइ बैंक से 100 करोड़ रुपये ऋण लेकर भवन बनाने की मंजूरी दी गई। नगर परिषद में 150 सफाई कर्मचारी भर्ती करने, 40 डंपर, 300 हाथ रेहड़ियां, ट्रैक्टर ट्रालियां इत्यादि लेने पर सहमति बनी। इसके साथ ही शहर में 10 मोबाइल शौचालय, शहर में चार जगह प्रवेश द्वार, दस स्थानों पर पेयजल एटीएम, गोशाला शिवपुरी व खैरपुर शिवपुर के लिए एक-एक करोड़ रुपये खर्च करने पर सहमति बनी। शहर की गलियों में सांकेतिक बोर्ड लगाए जाने, सभी वार्डों में जिम खुलवाने, बाजारों में ग्रिल व डिवाइडर सही करने पर मंजूरी दी गई। सफाई कर्मियों के लिए 100-100 गज के प्लाट, नगर परिषद के भवन को बरनाला रोड पर कम्यूनिटी सेंटर में शिफ्ट करने से पूर्व वहां रिपेयर इत्यादि करने को मंजूरी दी गई। वर्तमान भवन के स्थान पर डिजिटल सेवाओं युक्त भवन निर्माण करने व पेट्रोल पंप खोलकर अनुबंध पर देने पर विचार किया गया। शहर में खाली पड़ी दीवारों पर बालपेंटिंग करने को मंजूरी दी।