सिरसा। ऑटो मार्केट में पार्किंग की जगह पर पड़ा कबाड़। संवाद
सिरसा। ऑटो मार्केट के पार्किंग एरिया व दुकानों की आगे की जगह पर किए गए कबाड़ से अतिक्रमण को हटाने की दिशा में नगर परिषद ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके लिए वीरवार को नगर परिषद की टीम की ओर से मुनादी की गई। ऐसे में अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देते हुए दो दिन का समय दिया गया। इसके बाद सामान उठाने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद कार्यालय में बुधवार को ऑटो मार्केट के मिस्त्री कार्यकारी अधिकारी से मिले थे। मिस्त्रियों ने ईओ को मौजूदा हालात के बारे में अवगत करवाया था। ईओ ने सीएसआई को आदेश दिए थे कि तुरंत प्रभाव से नोटिस जारी कर कार्रवाई अमल में लाई जाए। इसके बाद नोटिस की जगह सीएसआई ने ऑटो मार्केट में मुनादी वीरवार को शुरू करवाई। टीम के सदस्यों को वीडियोग्रॉफी करने के भी आदेश जारी किए गए हैं। जो लोग मुनादी के बाद अतिक्रमण हटाने का दावा करेंगे, उनकी सही स्थिति का पता चल सकेगा।
-
अतिक्रमण हटाना जरूरी
नगर परिषद अधिकारियों के पास ऑटो मार्केट के अंदर अतिक्रमण की लंबे समय से शिकायत आ रही थी। समाधान शिविरों में भी दुकानदारों ने शिकायत की थी। दो बार नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण हटाने के लिए कार्रवाई की, लेकिन कोई ठोस कदम इस दिशा में नहीं उठाया गया। इस कारण अतिक्रमण करने वालों के हौसले बुलंद हो गए और व्यापारियों तक को धमकियां देने लगे। ये बातें मिस्त्रियों ने कार्यकारी अधिकारी को भी बताईं। अब देखना यह है कि नगर परिषद की टीम इस अभियान को एक दिन चलाती है या नियमित रूप से चलाकर पूरी तरह से समाधान करती है।
ऑटो मार्केट के दुकानदार खोल चुके हैं मोर्चा
ऑटो मार्केट के दुकानदारों ने अतिक्रमण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वे खुलकर इसका विरोध करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। यदि नगर परिषद ने ठोस कार्रवाई नहीं की तो मार्केट के अंदर दुकानदार धरना लगाएंगे।
-
ऑटो मार्केट में आज मुनादी करवाई गई है। दो दिन मुनादी करवाने के बाद अतिक्रमण हटाने और सामन जब्त करने की कार्रवाई को शुरू किया जाएगा। -
जयवीर सिंह, सीएसआई, नगर परिषद।