डबवाली। गांव भारूखेड़ा का चौराहा एक बार फिर सड़क हादसे का गवाह बना। मंगलवार सुबह आरओ पानी की आपूर्ति करने वाले टैंकर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायल युवक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डबवाली पहुंचाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि चौराहे पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। जानकारी के अनुसार डबवाली निवासी ओम सेठी दुकानों पर पैकिंग खाद्य उत्पादों की आपूर्ति करने के लिए भारूखेड़ा की ओर जा रहा था।
जब वह गांव के चौराहे पर पहुंचा तो उसकी बाइक आरओ पानी की आपूर्ति करने वाले टैंकर की चपेट में आ गई। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
हादसों का केंद्र बन चुका है चौराहा
ग्रामीणों के अनुसार भारूखेड़ा का यह चौराहा लंबे समय से दुर्घटनाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील बना हुआ है। चौराहे पर अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों की आवाजाही रहती है जबकि वाहन चालकों को पहले से सावधान करने के लिए पर्याप्त संकेतक और अन्य सुरक्षा प्रबंध नहीं हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय पहले चौटाला ढाणी निवासी बिजली विभाग के कर्मचारी की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। इसके अलावा यहां कई अन्य दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।